नई दिल्ली। कोरोना वायरस ने देश में तीसरी लहर की आहट दे दी है। एक ही दिन में कोरोना के मामलों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 58 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले मंगलवार को कोरोना के 37,379 नए मामले सामने आए थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि 24 घंटे में देश में कोरोना के 58,097 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 15,389 रिकवर भी हुए हैं। इसके अलावा, 534 मरीजों की मौत भी हुई है।
देश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2,14,004 हो गई है। डेली पाजिटिविटी रेट भी बढ़कर 4.18% हो गया है। मंत्रालय ने बताया कि कोरोना से अब तक 3 करोड़ 43 लाख 21 हजार 803 लोग रिकवर हो चुके हैं। इसके अलावा कुल 4 लाख 82 हजार 551 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं।
साफ़ है की कोरोना संक्रमण के साथ ही नया वैरिएंट ओमिक्रोन भी चिंताएं बढ़ा रहा है। देश में ओमिक्रोन के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 2,135 हो गई है। महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमिक्रोन के सबसे ज़्यादा 653 और 464 मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ओमिक्रोन के 2,135 मरीजों में से 828 मरीज रिकवर हो गए हैं।
देश में कोरोना वायरस और इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने जिस प्रकार से रफ्तार पकड़ ली है, हालात देखकर पता चलता है कि नई दिल्ली, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में अब लॉकडाउन ही विकल्प बचा है। तीसरी लहर की आहट के बीच इन जगहों पर कोविड-19 के मामले बढ़ने के साथ ही धीरे-धीरे कड़े प्रतिबंधों का दौर भी शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में थोड़ी पाबंदियां बढ़ा दी गई हैं। साफ है अगर हालत काबू में नहीं आते है तो लॉक डाउन ही आखिरी रास्ता बचेगा।
Comments are closed.