सिलीगुड़ी। एसएसबी की 41 नंबर बटालियन के जवानों ने नक्सलबाड़ी के पास एशियन हाईवे से नेपाल तस्करी किये जा रहे पैंगोलिन के साथ 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम फिरोज खान, झरिया हेम्ब्रम, इकरामूल हक और अमित बसुमाता बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूत्रों के आधार पर एसएसबी की 41 वीं बटालियन के जवानों ने नक्सलबाड़ी में एशियन हाईवे – दो पर अभियान चलाया। संदेह होने पर छोटे एक चौपहिया वाहन को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान छुपाकर रखे गए पैंगोलिन को बरामद किया गया। एसएसबी द्वारा आरोपियों को बागडोगरा वन विभाग को सौंप दिया गया है। चारों आरोपियों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है। वन विभाग के अनुसार असम के बारोविसा संलग्न इलाके से पैंगोलिन को लाया गया था तथा इसे नेपाल में ले जाने की योजना थी। बताते चले कि यह पहली बार नहीं है कि सीमा पर पैंगोलिन को बरामद किया गया है। इससे पहले भी नेपाल के रास्ते दुनिया के दूसरे देशों में इस जीव को ले जाने की कोशिश हो चुकी है।
पैंगोलिन नामक जीव भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में पाया जाता है। इसके शरीर पर शल्कनुमा (स्केल) संरचना होती है, जिससे यह अन्य जानवरों से अपनी रक्षा करता है। भारत में इसे सल्लू साप भी कहा जाता है। तस्करी के कारण भारत में इसके विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है। चीन में इसकी सबसे ज्यादा माग है। इसका इस्तेमाल ट्रेडिशनल चाइनीज मेडिसिन (टीसीएम) में भी होता है। तस्कर पैंगोलिन को मोटी रकम लेकर बेचते हैं। चीन में लोग पैंगोलिन के मास व स्केल का सूप बनाकर पीते हैं। विश्व बाजार में इसकी मांग को देखते हुए ही इसकी तस्करी की कोशिश की जाती है।
Comments are closed.