कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से रूह कंपाने वाली खबर आई है. प्यार, धोखा और फिर एक खौफनाक कत्ल की साजिश से हड़कंप मच गया है। एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने अपनी प्रेमिका के पति को रास्ते से हटाने के लिए सरकारी काम का बहाना बनाया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी बीएलओ रिजवान हसन मंडल और उसके साथी सागर गायन को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला इतना भयानक है कि आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए लाश के टुकड़े-टुकड़े कर उसे नहर में फेंक दिया था।
SIR के बहाने एक सुनसान जगह पर बुलाया
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बीएलओ रिजवान का मृतक नासिर अली (30) की पत्नी के साथ अवैध संबंध चल रहा था। नासिर उनके रास्ते का कांटा बन रहा था, इसलिए रिजवान ने उसे हमेशा के लिए खत्म करने की योजना बनाई। सोमवार की शाम, रिजवान ने नासिर को फोन किया और उसे पश्चिम बंगाल में चल रहे ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR – मतदाता सूची संशोधन) के काम के बहाने एक सुनसान जगह पर बुलाया। नासिर को जरा भी अंदाजा नहीं था कि सरकारी काम का यह बुलावा उसकी मौत का परवाना है।
नहर में मिले लाश के 3 टुकड़े
सोमवार रात जब नासिर घर नहीं लौटा, तो उसके परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने जब रिजवान के फोन कॉल और लोकेशन को ट्रैक किया, तो शुक्रवार सुबह बादुरिया की एक नहर से नासिर की कटी हुई लाश बरामद हुई। पूछताछ में रिजवान टूट गया।उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने साथी सागर गायन की मदद से नासिर की हत्या की। फिर उसके शरीर को कई हिस्सों में काटकर नहर में तीन अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया, ताकि लाश की पहचान न हो सके।
नृशंस हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इंसाफ की मांग को लेकर लोगों ने आधे घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों रिजवान और सागर को हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।