Home » पश्चिम बंगाल » पहाड़ा पर बढ़ता ही जा रहा है मौत का आंकड़ा, अब तक 15 की मौत की खबर, कई जगहों पर भूस्खलन, युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी

पहाड़ा पर बढ़ता ही जा रहा है मौत का आंकड़ा, अब तक 15 की मौत की खबर, कई जगहों पर भूस्खलन, युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी

सिलीगुड़ी। उत्तर बंगाल में लगातार बारिश के कारण एक बार फिर से भारी तबाही मची है। पूरे पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से हालात गंभीर हो गए हैं। दार्जिलिंग जिले में कई जगहों पर भूस्खलन के कारण अब तक कम से. . .

सिलीगुड़ी। उत्तर बंगाल में लगातार बारिश के कारण एक बार फिर से भारी तबाही मची है। पूरे पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से हालात गंभीर हो गए हैं। दार्जिलिंग जिले में कई जगहों पर भूस्खलन के कारण अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मिरिक इलाके में एक लोहे का पुल टूट जाने से कई लोग उसकी चपेट में आ गए। जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चला रहा है।
मौसम विभाग ने पहले ही उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी दी थी, और शुक्रवार रात से ही मूसलधार बारिश हो रही है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मिरिक में पुल टूटने से 9 लोगों की जान चली गई, वहीं सुखिया इलाके में भूस्खलन की चपेट में आकर 4 लोगों की मौत हुई है। पहाड़ों पर अभी भी कई जगह भूस्खलन जारी है और मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है।
कर्सियांग के एएसपी अभिषेक राय ने बताया कि मिरिक में अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं और सुखिया से 4 अन्य की मौत की पुष्टि हुई है। खराब मौसम के चलते राहत कार्य में बाधा आ रही थी, लेकिन दोपहर के बाद बारिश थोड़ी कम होने पर काम में तेजी आई है।
सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग की ओर जाने वाले रोहिणी रोड, दिलाराम रोड और अन्य सड़कों पर कई जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। दुधिया में पुल गिरने से सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच सीधा संपर्क टूट गया है। पुलबाजार का पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे बिजनबाड़ी और आसपास के इलाके पूरी तरह से अलग-थलग पड़ गए हैं।
गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (GTA) के चीफ एग्जीक्यूटिव अनित थापा ने बताया कि GTA की आपदा प्रबंधन टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है। स्थानीय पंचायत सदस्यों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
लगातार बारिश के कारण बचाव कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं और तिस्ता नदी का जलस्तर भी खतरनाक रूप से बढ़ गया है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए GTA ने टाइगर हिल, रॉक गार्डन और दार्जिलिंग के अन्य पर्यटन स्थलों को अगली सूचना तक बंद रखने का निर्णय लिया है। पर्यटकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन को आशंका है कि अगर मौसम ऐसा ही बना रहा, तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।