Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

पानीपत में सिलेंडर फटने से इस्लामपुर के छह लोग ज़िंदा जले, जाकिर बस्ती में छाया मातम

- Sponsored -

- Sponsored -


उत्तर दिनाजपुर। हरियाणा के पानीपत में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पति-पत्नी और उनके चार बच्चों के रूप में हुई है। हादसे के बारे में मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में पानीपत के तहसील कैंप में राधा फैक्ट्री के पास गुरुवार सुबह एक घर में सिलेंडर फट गया, जिससे घर में भयंकर आग लग गई। इस आग में घर के भीतर मौजूद 6 लोग जिंदा जल गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद चीख-पुकार मची है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
पानीपत गैंस सिलेंडर ब्लास्ट में जान गंवाने वाले लोगों में पति-पत्नी और 4 बच्चे थे। बच्चों में 2 लड़कियां और 2 लड़के हैं। मृतकों की पहचान अब्दुल करीम (50), उसकी पत्नी अफरोजा (46), बड़ी बेटी इशरत खातुन (17-18), रेशमा (16), अब्दुल शकूर(10) और अफान (7) के रूप में हुई है। अब्दुल करीम पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर प्रखंड के गायसल 1 ग्राम पंचायत के जाकिर बस्ती क्षेत्र के निवासी थे। वे पानीपत में किराए के मकान में रहते थे।
गुरुवार की सुबह करीब छह बजे जब मृतक के परिजनों को खबर मिली तो इलाके में मातम छा गया। जाकिर बस्ती के स्थानीय ग्राम पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि कैसर इमाम ने कहा कि दंपति वहां खादी का कपड़ा बनाते थे। अचानक आग लगने से परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। अब परिवार को चिंता है कि सभी शवों को कैसे लाया जाए।
मृतक की रिश्तेदार निकहत नेहा ने बताया कि वहां से मिली जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर से आग लगने से यह हादसा हुआ, सभी का दिल टूट गया है, उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि अचानक यह हादसा कैसे हो गया। करीम के पिता सुल्तान ने कहा कि उनका बेटा रोजी-रोटी कमाने के लिए पूरे परिवार के साथ पानीपत में गया था, तभी यह घटना हुई। पिछले 2 साल से वह वहीं काम करता था, त्योहारों पर ही घर आता था और फिर चला जाता था। इस घटना से उनके परिवार पर मातम छा गया है।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.