कोलकाता। कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में पीएम मोदी की रैली से ठीक पहले बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प देखने को मिली है। इस झड़प में बीजेपी, टीएमसी कार्यकर्ताओं समेत बो बाजार पुलिस स्टेशन के इंचार्ज भी घायल हो गए हैं। आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की ब्रिगेड रैली में जा रही बीजेपी कार्यकर्ताओं से भरी एक बस में हमला किया और उसमें तोड़फोड़ की।
दोनों ही पार्टियों के समर्थकों ने की पत्थरबाजी
जानकारी के अनुसार, बीजेपी और टीएमसी, दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। बीजेपी ने दावा किया कि पीएम मोदी की रैली में शामिल होने के लिए गिरीश पार्क इलाके से गुजरते रही बीजेपी कार्यकर्ताओं की बस पर हमला किया गया। बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जब हिंसा भड़की, तो पुलिस मूकदर्शक बनी खड़ी रही। एक बीजेपी कार्यकर्ता ने बताया कि हम उस बस में सवार थे, जिस पर पत्थरों से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इस हमले में हमें चोटें आईं।
‘टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की बस पर किया हमला’
बीजेपी कार्यकर्तओं से भरी ये बस बारानगर से चल कर आ रही थी। बस के चालक ने बताया कि उसके साथ भी मारपीट की गई और उसे चोटें आईं है। बस चालक ने कहा कि बस पर पत्थर फेंके गए, जिससे उसका आगे का शीशा टूट गया। उसने बताया कि उस पर भी हमला किया गया।
टीएमसी मंत्री बोलीं- मेरे घर पर हुआ हमला
टीएमसी मंत्री शशि पांजा ने दावा किया कि उनके घर से फ्लेक्स और बैनर हटाए जाने के दौरान ही उनके आवास पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पीएम की रैली में जाते समय मेरे घर पर पत्थर फेंकते हुए हमला बोल दिया।