सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम देब ने आरोप लगाया है कि उनके समर्थन में लगाए गए पोस्टर और बैनर लगातार फाड़े जा रहे हैं।
पोस्टर फाड़े जाने की घटना 13 नंबर वार्ड में बार-बार
तृणमूल का दावा है कि खास तौर पर सिलीगुड़ी के 13 नंबर वार्ड में इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। गौतम देव ने आरोप लगाया कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है और इसके पीछे भाजपा का हाथ है। उन्होंने यह भी कहा कि रात के अंधेरे में बाहरी लोगों को लाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी चुनाव अधिकारियों को दे दी गई है, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं रुक नहीं रही हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गांधी प्रतिमा के नीचे धरना-प्रदर्शन पर बैठे
इसी के विरोध में गौतम देव अपने समर्थकों के साथ कचहरी रोड स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। इस दौरान बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता मौजूद रहे और नारेबाजी की गई। धरना-प्रदर्शन के कारण इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सिलीगुड़ी की राजनीति में हलचल तेज
इस घटना के बाद सिलीगुड़ी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चुनाव से पहले इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप ने साफ कर दिया है कि मुकाबला काफी कड़ा होने वाला है और आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव और बढ़ सकता है।
पोस्टर फाड़ने को लेकर भाजपा पर आरोप
गौतम देव ने आरोप लगाया कि 2026 विधानसभा चुनाव के लिए लगाए गए उनकी पार्टी के पोस्टरों को फाड़ा जा रहा है। उन्होंने इस मामले में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश है।
आंदोलन की दी चेतावनी
धरने के दौरान उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटनाएं जारी रहती हैं, तो तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक बड़े स्तर पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को वे पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के सामने भी उठाएंगे, जो आज एक सभा को संबोधित करने वाले हैं। इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।