कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से यह सवाल उठ रहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में अपना चुनाव प्रचार कब शुरू करेंगे। अब इस पर से पर्दा उठ गया है। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी 5 अप्रैल से बंगाल में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे।
हली जनसभा उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में करेंगे
बताया गया है कि प्रधानमंत्री अपनी पहली जनसभा उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में करेंगे। इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान होना है, जिसमें 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। उत्तर बंगाल की सभी सीटों पर पहले चरण में मतदान होगा, इसलिए मोदी ने अपने प्रचार की शुरुआत इसी क्षेत्र से करने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि 14 मार्च को पीएम मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक बड़ी रैली की थी, जिसमें उन्होंने राज्य में परिवर्तन का आह्वान किया था। इसके अगले दिन चुनाव आयोग ने मतदान की तारीखों की घोषणा की थी। तभी से यह चर्चा चल रही थी कि प्रधानमंत्री कब से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे।
5 अप्रैल से चुनावी बिगुल बजेगा
बीजेपी के कुछ नेताओं की इच्छा थी कि मोदी रामनवमी के दिन से प्रचार शुरू करें, जबकि कुछ का मानना था कि मार्च के अंत तक अभियान शुरू हो सकता है। हालांकि, अब यह स्पष्ट हो गया है कि 5 अप्रैल से चुनावी बिगुल बजेगा।
उत्तर बंगाल बीजेपी का मजबूत गढ़ बना
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से उत्तर बंगाल बीजेपी का मजबूत गढ़ बन गया है। 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी इस क्षेत्र ने पार्टी का साथ दिया था। ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि इस बार भी यहां से उसे अच्छा समर्थन मिलेगा। इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं और शनिवार को वह तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ ‘चार्जशीट’ जारी करेंगे।