ढाका। बांग्लादेश में एक और हिंदू व्यापारी की हत्या की गई। सोमवार की रात यह घटना ऐसे समय में हुई, जब दो दिन बाद ही इस दक्षिण एशियाई देश में आम चुनाव के लिए मतदान होना है। घटना मेमेनसिंह जिले में हुई है। इसी जिले में पहले भी दीपू चंद्र दास नाम के एक हिंदू व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई थी। भीड़ ने उसे जीवित जला दिया था।
मृतक कौन है?
अभी जिनकी हत्या की गई है, उनकी पहचान सुषेन चंद्र सरकार (62 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह धान के व्यापारी थे और डाकिनकांडा गांव में रहते थे। उनकी दुकान ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ बोगर बाजार के चौराहे पर थी।
तेज हथियार से किया हमला
पुलिस के अनुसार, हत्या रात 11 बजे हुई। अज्ञात हमलावरों ने सुषेन चंद्र सरकार पर तेज हथियार से हमला किया। फिर उन्हें दुकान के अंदर छोड़ शटर बंद कर दिए। पुलिस ने कहा कि परिवार के लोग जब उन्हें ढूंढने गए, तो दुकान के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले।