पणजी। गोवा शिपयार्ड में भारत की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की मौजूदगी में भारतीय तटरक्षक बल के नए जहाज ICGS ‘समुद्र प्रताप’ को औपचारिक रूप से कमीशन किया। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘समुद्र प्रताप’ जैसे प्रोजेक्ट आत्मनिर्भर भारत की सोच को जमीन पर उतारते हैं। उन्होंने बताया कि इस जहाज में इस्तेमाल की गई 60 प्रतिशत से अधिक सामग्री स्वदेशी है, जो मेक इन इंडिया पहल की बड़ी सफलता है।
आत्मनिर्भर भारत की असली पहचान : राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा इस जहाज में स्वदेशी तकनीक और संसाधनों का व्यापक इस्तेमाल किया गया है। यही आत्मनिर्भर भारत की असली पहचान है। ‘मेक इन इंडिया’ का वास्तविक अर्थ ऐसे ही रक्षा प्रोजेक्ट्स में दिखाई देता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय तटरक्षक बल समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, तस्करी रोकने, खोज और बचाव अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, और ‘समुद्र प्रताप’ जैसे आधुनिक जहाज इस क्षमता को और मजबूत करेंगे।
गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में निर्मित यह जहाज निगरानी, समुद्री कानून प्रवर्तन और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए खास तौर पर डिजाइन किया गया है।