सिलीगुड़ी । चुनाव में अब लगभग 10 से 12 दिन शेष हैं, ऐसे में तृणमूल कांग्रेस ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। बुधवार को सिलीगुड़ी महकमा अंतरगर्त माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फूलबाड़ी और पांचकेलगुड़ी इलाकों में तृणमूल की ओर से जोरदार प्रचार किया गया।
तृणमूल प्रत्याशी शंकर मालाकार ने सबसे पहले फूलबाड़ी स्थित कम्युनिटी हॉल में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ सिलीगुड़ी नगर निगम के 46 नंबर वार्ड के पार्षद दिलीप बर्मन भी मौजूद थे। सभा में खासकर नेपाली समुदाय के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
फूलबाड़ी में पुल निर्माण लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही है। इस पर शंकर मालाकार ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही इस पुल के निर्माण की घोषणा कर चुकी हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
इसके बाद पांचकेलगुड़ी क्षेत्र में भी एक और जनसभा आयोजित की गई, जहां तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों की अच्छी खासी भीड़ जुटी। पार्टी नेतृत्व का दावा है कि क्षेत्र में जनता का समर्थन उनके साथ है और आने वाले चुनाव में इसका असर साफ देखने को मिलेगा।