आइजोल ; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर हैं। शनिवार सुबह वे मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 8,070 करोड़ रुपये की लागत से बनी बैराबी-सैरांग रेल लाइन भी शामिल है, जो पहली बार मिजोरम की राजधानी आइजोल को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।
खराब मौसम बना बाधा, लेकिन नहीं रुका विकास का काम
प्रधानमंत्री को आइजोल जाकर परियोजनाओं का उद्घाटन करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वे वहां नहीं पहुंच सके। इसके बावजूद, लेंगपुई एयरपोर्ट से ही उन्होंने वीडियो संदेश में मिजोरम की जनता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि बदलाव की जीवनरेखा है। इससे मिजोरम में लोगों की आजीविका, व्यापार और जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा। यह लाइन मिजोरम के किसानों और व्यापारियों को देशभर के बड़े बाजारों तक पहुंचने का रास्ता देगी।”
इंजीनियरों और श्रमिकों की मेहनत से बनी यह ऐतिहासिक रेल लाइन
पीएम मोदी ने बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने इस रेल परियोजना की आधारशिला रखी थी और अब यह हकीकत बन चुकी है। उन्होंने इंजीनियरों और श्रमिकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम पहाड़ियों और कठिन भूभाग को पार करके यह लाइन तैयार हुई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी साझा की जानकारी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बैराबी-सैरांग रेल लाइन तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण थी। इस 51 किलोमीटर लंबी लाइन में 45 सुरंगें और 55 बड़े पुल शामिल हैं। अब यह लाइन मिजोरम को गुवाहाटी, कोलकाता, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेगी।
तीन नई ट्रेनों की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे न सिर्फ व्यापारिक गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि मिजोरम की सुंदरता को देखने के लिए देशभर से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी।
मिजो समाज की तारीफ
प्रधानमंत्री ने मिजोरम के लोगों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका की सराहना की और कहा कि, “चाहे स्वतंत्रता संग्राम हो या देश का विकास, मिजोरम हमेशा आगे रहा है। सेवा, त्याग और करुणा मिजो समाज की पहचान हैं।”
इस ऐतिहासिक कदम के साथ मिजोरम अब देश की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ गया है। यह राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।