मेघालय-नगालैंड में वोटिंग : 11 बजे तक नगालैंड में 39%, मेघालय में 26% वोटिंग; बंगाल समेत 3 राज्यों की 3 सीटों पर भी मतदान जारी
शिलॉन्ग/कोहिमा। मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। दोनों राज्यों की 60-60 सीटें हैं लेकिन इनमें से सिर्फ 59-59 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। 11 बजे तक मेघालय में 26.70% और नगालैंड में 39.08% वोट डाले जा चुके हैं। इन दोनों राज्यों में चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे।
नगालैंड में 60 सीटें हैं, लेकिन एक सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद 59 सीटों पर ही वोटिंग होगी। यहां भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया है। वहीं, मेघालय में UDP उम्मीदवार एच. डी. आर. लिंगदोह के निधन के बाद सोहियोंग सीट पर चुनाव टाल दिया गया है।
विधानसभा चुनाव और बायपोल से जुड़े अपडेट्स
@ नगालैंड के मोकोकचुंग जिले के उमाबस्ती इलाके में अलोगताकि पोलिंग बूथ पर वोटिंग के दौरान पथराव हुआ। हिंसा के चलते वोटिंग रोक दी गई।
@ नगालैंड के भंडारी पोलिंग स्टेशन पर फायरिंग हुई, जिसमें NPP वर्कर घायल हो गया है।
@ नगालैंड में सभी पोलिंग स्टेशन पर अलग-अलग सिक्योरिटी फोर्सेज की 305 कंपनियां तैनात की गई हैं।
@ भाजपा उम्मीदवार सेरिंग ल्हामू ने अरुणाचल प्रदेश की लुमला विधानसभा सीट का उपचुनाव निर्विरोध जीत लिया है।
@ 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग हो रही है। इनमें पश्चिम बंगाल की सागरदिघी, झारखंड के रामगढ़ और तमिलनाडु के ईरोड सीट शामिल हैं।
अभी दोनों राज्यों में भाजपा गठबंधन की सरकार
इस समय दोनों ही राज्यों में भाजपा की गठबंधन की सरकार है। मेघालय में नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है, लेकिन इस बार दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, नगालैंड में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और भाजपा गठबंधन की सरकार है। इस बार भी दोनों पार्टियां साथ चुनाव लड़ रही हैं।
नगालैंड में 2,315 बूथ, मैदान में 183 कैंडिडेट
नगालैंड के 16 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर सोमवार को मतदान हो रहे हैं। 10 फरवरी को अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कैंडिडेट खेकाशे सुमी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद भाजपा कैंडिडेट कजेतो किनिमी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया।
चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर वी. शशांक शेखर ने कहा- राज्य में कुल 13 लाख मतदाता हैं। 59 सीटों के 2,315 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। 183 कैंडिडेट चुनावी मैदान में हैं, जिसमें 4 महिला और 19 निर्दलीय कैंडिडेट शामिल हैं।
मेघालय में 3,419 बूथ, मैदान में 375 कैंडिडेट
मेघालय के 12 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में मतदान हो रहे हैं। इसके लिए 3,419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां NPP 57 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस और BJP ने 60-60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा TMC के 56 कैंडिडेट भी चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में कुल 30 लाख मतदाता हैं। मैदान में 375 कैंडिडेट हैं, जिसमे 339 पुरुष, 36 महिलाएं शामिल हैं।
मेघालय विधानसभा: सीटें- 60, बहुमत- 31
मेघालय में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। कांग्रेस को सबसे ज्यादा 21 सीटें मिली थीं। कोनराड संगमा की पार्टी NPP को 19 सीटें मिली थीं। अन्य पार्टियों में UDP को 6, PDF को 4, BJP और HSPDP को दो-दो सीट पर मिली थीं। कोनराड संगमा नहीं चाहते थे कि कांग्रेस सत्ता में आए, इसीलिए उन्होंने भाजपा सहित बाकी दलों के सहयोग से गठबंधन की सरकार बनाई बनाई और वह राज्य के मुख्यमंत्री बने।
Comments are closed.