चंडीगढ़। पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा हो गई है। यह सीट जुलाई में सांसद संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर मतदान और मतगणना 24 अक्बतूर को होगी।
उपचुनाव का नोटिफिकेशन छह अक्तूबर को होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्तूबर है। नाम वापसी 16 अक्तूबर तक हो सकेगी। 24 अक्तूबर को सुबह नाै बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। शाम को नतीजे का एलान कर दिया जाएगा।
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में जीते थे अरोड़ा
संजीव अरोड़ा ने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में जीत हासिल की थी। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर 19 जून को उपचुनाव हुआ था। आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी का जनवरी में देहांत हो गया था। जिसके बाद सीट खाली हो गई थी। पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा था।
केजरीवाल के राज्यसभा में जाने की लगी थींं अटकलें
संजीव अरोड़ा की जीत के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली हुई थी। अरोड़ा की जीत के बाद ये चर्चा तेज हो गई थी कि आप के वरिष्ठ नेता राज्यसभा में जाएंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज थी कि पंजाब से राज्यसभा सीट खाली होने के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की राज्यसभा में एंट्री हो सकती है। हालांकि अरविंद केजरीवाल ने राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा था कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि कौन राज्यसभा जाएगा।