सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पीएम मोदी के साथ तस्वीर शेयर कर सम्मानजनक विदाई के लिए आभार जताया
नई दिल्ली: शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी की राज्यसभा से विदाई हो चुकी है। प्रियंका चतुर्वेदी ने अपनी विदाई समारोह के यादगार पलों की एक तस्वीर इंस्टा पर शेयर की है। इस तस्वीर में वह पीएम मोदी के साथ दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए सम्मानजनक विदाई क्षण का जिक्र किया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब खुद प्रधानमंत्री संसद से विदाई देते हैं, तो यह उनके लिए बेहद खास और यादगार पल बन जाता है।
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने 18 मार्च 2026 को राज्यसभा से विदाई के दौरान एक भावनात्मक भाषण दिया, जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल के लिए सहयोगियों और मीडिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने ‘मैं फिर आऊंगी’ कहते हुए अपनी वापसी का संकेत दिया और प्रधानमंत्री मोदी और सरकार की नीतियों पर तंज कसते हुए विपक्ष की बात रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पश्चिम एशिया संकट के बीच की थी पीएम मोदी की तारीफ
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित ईंधन संकट के बीच सरकार की सक्रियता की शिवसेना (यूबीटी) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने खूब तारीफ की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन आपूर्ति को लेकर हुई अहम बैठक की सराहना करते हुए इसे बहुत जरूरी कदम बताया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए ऐसी तैयारियां जरूरी हैं, ताकि देश में ईंधन की कमी और कीमतों पर असर को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी इस संकट को लेकर एक्टिव हैं। वह कभी ईरान के राष्ट्रपति से संपर्क कर रहे हैं, तो वहीं इजरायल और अमेरिका से भी इस मसले पर बात कर रहे हैं।