कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने 14 आरोपों की चार्जशीट जारी कर दी है। उन्होंने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वो हमेशा विक्टिम कार्ड की राजनीति करती है। उनका काम सिर्फ चुनाव आयोग को गाली देना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में एक ही राज्य है जहां से घुसपैठ का रास्ता खुलता है। बंगाल में ममता राज में भय, भ्रष्टाचार, भेदभाव की राजनीति चल रही है। कोलकाता में अमित शाह ने कहा कि बीजेपी के सभी कार्यकर्ता चुनावी मैदान मे जीत के लिए लगातार काम कर रहे है।
ममता सरकार पर बोला हमला
ममता सरकार पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि इन लोगों ने बंगाल की जनता को सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाया। लेकिन यहां सिंडिकेट राज स्थापित कर जनता का शोषण किया। उन्होंने कहा कि टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। हम बंगाल की अराजकता, आर्थिक बदहाली का मुद्दा जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। बंगाल की जनता को तय करना है कि भय को चुनना है या भरोसे को चुनना है। यह चार्जशीट, टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है
बंगाल की जनता को तय करना है कि भय को चुनना है या भरोसे को चुनना है। यह चार्जशीट, टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है
अमित शाह
बंगाल के चुनाव को बताया पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण
अमित शाह ने कहा कि चुनाव से पहले हमारे नेता सुवेंदु अधिकारी ने पूरे बंगाल का दौरा किया था। इस दौरान बंगाल में फैली अव्यवस्था, अराजकता, आर्थिक बदहाली और विशेषकर घुसपैठ के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। बंगाल का चुनाव बंगाल के साथ-साथ पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। पूरे देश की सुरक्षा एक प्रकार से बंगाल के चुनाव के साथ जुड़ी है।
अब बंगाल की बारी
बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकारों के तहत हुए विकास पर जोर देते हुए शाह ने कहा कि डबल-इंजन सरकार के पास राज्यों को बदलने के कई उदाहरण हैं। उत्तर प्रदेश जो पहले अविकसित था, अब वहां बेमिसाल विकास हुआ है। मध्य प्रदेश ने प्रगति के नए मानक स्थापित किए हैं। असम, जहां वर्षों तक उग्रवाद का दौर रहा, अब वहां एक सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। अब, बंगाल की बारी है।
‘विक्टिम कार्ड’ की पॉलिटिक्स खेलती हैं ममता
तंज कसते हुए गृह मंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी ने हमेशा विक्टिम कार्ड की पॉलिटिक्स खेली हैं। कभी उनका पैर टूट जाता है, कभी उनके सिर पर पट्टी बंध जाती है, कभी वह बीमार पड़ जाती हैं और कभी वह चुनाव आयोग के सामने खड़ी होकर बेबसी का नाटक करती हैं। चुनाव आयोग को गालियां देती हैं। लेकिन मैं उन्हें यह बताने आया हूं कि बंगाल के लोग अब विक्टिम कार्ड की इस पॉलिटिक्स को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है चार्जशीट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट, टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है। सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाकर सिंडिकेट राज स्थापित कर बंगाल की जनता का शोषण करने वाले शासन की कहानी है। टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से कब्रिस्तान बन चुका है। अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट केवल भाजपा की नहीं, बल्कि बंगाल की पीड़ित जनता की आवाज है। 2011 से ही भाजपा इस अराजकता के खिलाफ संघर्ष कर रही है और अब समय आ गया है कि जनता इसका हिसाब ले।