डेस्क। 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में एक बार फिर जमकर गरजा। 26 गेंदों में 300 के स्ट्राइक रेट से 76 रन की पारी ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक-दो मैचों का नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली आंधी हैं।
अब तक चार मैचों में 200 रन और 266 के आसपास का स्ट्राइक रेट। यह है आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का शानदार लेखा-जोखा। उनकी इस पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, जो डिफेंडिंग चैंपियन है, को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, आरसीबी के खिलाड़ी भी सूर्यवंशी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
टीम के सबसे दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भी सूर्यवंशी के लिए खास मैसेज दिया। आपको बता दें कि इस पारी के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। साथ ही वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, जिसके चलते उनके सिर पर ऑरेंज कैप भी सज गई है।
सूर्यवंशी के लिए विराट का मैसेज
विराट कोहली ने सूर्यवंशी की इस शानदार पारी के बाद उन्हें स्पेशल मैसेज दिया, जो युवा खिलाड़ी के हौसले को बढ़ाने में काफी मदद करेगा। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज की कैप पर कोहली ने उनकी तारीफ में संदेश लिखा, “शाबाश वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi Well Done)।”
इस मुकाबले की बात की जाए, तो गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 201 रन बनाए, जिसमें रजत पाटीदार ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी के 76 रन और ध्रुव जुरेल की नाबाद 81 रन की पारी की बदौलत 18 ओवर में 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की टीम लगातार 4 मैच जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर मौजूद है। उसके 8 अंक हो गए हैं और नेट रनरेट भी +2.055 है। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 3 में से 2 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर है। उसके 4 अंक हैं और नेट रनरेट +1.231 है।