नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच 15 वर्षीय खतरनाक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरत में डाल दिया है। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए इस युवा खिलाड़ी ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर न केवल अपनी टीम को मजबूती दी बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा लिया। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने जिस निडरता का परिचय दिया उसने अनुभवी गेंदबाजों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी के नाम बड़ा रिकॉर्ड
वैभव की इस पारी की सबसे खास बात उनकी निरंतरता है। वह अब आईपीएल इतिहास के महज दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने दो बार 15 या उससे कम गेंदों में पचास का आंकड़ा छुआ है। उनसे पहले यह अद्भुत कारनामा सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था। दिलचस्प बात यह है कि वैभव ने इसी सीजन के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 15 गेंदों में फिफ्टी ठोकी थी। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और निकोलस पूरन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम इस श्रेणी में केवल एक-एक अर्धशतक दर्ज है।
ये रिकॉर्ड भी हुआ वैभव सूर्यवंशी के नाम
राजस्थान रॉयल्स के इतिहास पर नजर डालें तो पावरप्ले (पहले 6 ओवर) के भीतर सर्वाधिक बार अर्धशतक लगाने के मामले में वैभव अब जोस बटलर की बराबरी पर आ गए हैं। बटलर और वैभव दोनों ने तीन-तीन बार यह कारनामा किया है, जबकि यशस्वी जायसवाल दो बार ऐसा कर चुके हैं। गुवाहाटी के मैदान पर वैभव ने भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर अपना पचासा पूरा किया और उन्होंने 26 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे जिसने आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
ध्रुव जुरेल के साथ की बड़ी पार्टनरशिप
मैच के दौरान वैभव और ध्रुव जुरेल के बीच हुई साझेदारी मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 108 रनों की साझेदारी कर राजस्थान रॉयल्स की जीत की राह आसान कर दी। छोटी सी उम्र में बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने यह साबित कर दिया है कि उनमें न केवल तकनीक है बल्कि बड़े मंच पर दबाव झेलने का अद्भुत जज्बा भी है।