नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने रविवार को नई दिल्ली में नमन अवॉर्ड्स समारोह का आयोजन किया था। भारतीय क्रिकेटरों को सम्मानित करने के लिए आयोजित होने वाला यह वार्षिक समारोह इस बार खास था। इस बार महिला विश्व कप 2025, टी20 विश्व कप 2026, चैंपियंस ट्रॉफी 2025, अंडर-19 विश्व कप, अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया गया। मौके पर पुरुष, युवा और महिला टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहे।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले संजू सैमसन?
समारोह के दौरान संजू सैमसन ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल से जुड़ा किस्सा साझा किया। आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं। 2025 में उन्होंने एलएसजी के लिए खिलाफ अपना डेब्यू किया था। वैभव आईपीएल डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।
वैभव सूर्यवंशी की राहुल द्रविड़ से क्या कहा?
संजू सैमसन ने रविवार को वैभव सूर्यवंशी की आईपीएल डेब्यू मैच से पहले राहुल द्रविड़ के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। सैमसन ने कहा, ‘मैं असल में मीटिंग में था। राहुल सर ने उसे कमरे में बुलाया और मुझसे कहा, ‘संजू, हमें उससे बात करनी है। वह बहुत छोटा बच्चा है, हमें उसे समझाना होगा कि कैसे करना है।’ राहुल सर ने वैभव से मैच के लिए उसके प्लान के बारे में पूछा। वैभव ने जवाब दिया, ‘कुछ नहीं सर, हम तो खेलेंगे।’ राहुल सर ने फिर पूछा, ‘तुम्हारा गेम प्लान क्या है?’ वैभव ने कहा, ‘अगर हमें पहली गेंद मिली तो हम उड़ा देंगे।’
शार्दुल ठाकुर की गेंद पर मारा छक्का
सैमसन ने कहा कि इसने ठीक वैसा ही किया भी। ऐसा लग रहा था कि जैसे वह अपना खुद का वीडियो गेम खेल रहा है। वैभव ने अपने डेब्यू मैच में खेली गई पहली गेंद जो ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर द्वारा फेंकी गई थी उस पर छक्का लगाया था। वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में अपनी पहचान एक विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में बनाई है। भारत को अंडर-19 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने में उनका अहम योगदान रहा। आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन पर फैंस की नजर रहेगी।