नई दिल्ली । यूपी के सीतापुर की महमूदाबाद तहसील के बघाइन गांव के रहने वाले रवि की मिसाइल हमले में मौत हो गई। जिस समय रवि की मौत हुई वह अपनी पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहे थे। रवि, सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे। फैक्टरी मालिक से रवि की मौत की सूचना पाकर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने सरकार से मदद की गुहार लगाते हुए रवि के शव को लाने की मांग की है। रवि की मौत बीते 18 मार्च की रात को हुई है।
रवि ढाई साल से रियाद में कर रहे थे जॉब
बताते चलें कि बघाइन के रहने वाले रवि करीब ढाई साल पहले नौकरी करने के लिए सऊदी अरब की राजधानी रियाद काम करने गए थे। रवि बीते 18 मार्च की रात करीब 9.45 बजे अपनी पत्नी रितू से मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी उनका मोबाइल एक तेज धमाके के साथ बंद हो गया। पत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने रवि से संपर्क करना चाहा लेकिन रवि का मोबाइल नहीं लगा।
सऊदी अरब में रवि की मौत से गांव में मातम
इसी बीच, 19 मार्च को फैक्टरी के मालिक ने रवि के घर पर फोन करके बताया कि रवि की मिसाइल हमले में मौत हो गई है। रवि की मौत की सूचना पाकर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों को एकाएक रोते बिलखता हुआ देख आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को जब सऊदी अरब में मिसाइल हमले में रवि की मौत हो जाने की जानकारी हुई तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने भारतीय दूतावास से किया संपर्क
वहीं, परिवार वालों ने जब फैक्टरी मालिक से बात की तो उसने रवि के शव को हिंदुस्तान उसके घर भिजवाने का आश्वासन दिया। परिजनों का कहना है कि उन लोगों ने सऊदी अरब स्थित भारत के दूतावास से संपर्क किया है। जैसा उन्होंने बताया, उस तरह से मेल भेज दिया गया है।
आखिरी बार बहन की शादी में आए थे रवि
मृतक रवि के भाई हनुमान गौतम ने बताया कि रवि ढाई साल से रियाद में काम कर रहे थे। वह अभी बहन की शादी में आया था। रवि फिर बीते सितंबर में वापस चला गया था। रवि फैक्ट्री में छुट्टी होने के बाद अपने कमरे में था, तभी ईरान और इजरायल के बीच हो रहे युद्व के दौरान छोड़ी गई एक मिसाइल गिरी, जिसमें रवि की मौत हो गई है।
हनुमान का कहना है कि रवि का एक साथी है राम निवास, उसने फैक्ट्री वालों को सूचना दी कि उसका एक साथी गायब है। इसके बाद बड़ा सर्च आपरेशन चलाया गया जिसमें रवि मलबे में घायल पड़ा मिला। रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई का कहना है कि पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हुआ है लेकिन जब दोबारा राम निवास से फोन पर बात की गई तो उसने फिर से रवि की मिसाइल हमले में मौत होने की जानकारी दी।