नई दिल्ली। सोना-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को सुबह-सुबह बड़ी गिरावट आ गई। एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी करीब 15 हजार रुपये गिरकर करीब 2.29 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। वहीं अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1800 रुपये गिरकर 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।
पिछले कुछ समय से सोना चांदी में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कुछ दिनों पहले आई जबरदस्त गिरावट के बाद कीमतों में कुछ सुधार हुआ था। हालांकि कल गुरुवार को इसमें फिर गिरावट आई। एमसीएक्स के साथ दिल्ली के सराफा बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतें गिर गई थीं।
गुरुवार को घरेलू बाजारों में सोना 3% गिरकर 1.6 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था, जबकि चांदी 10% लुढ़ककर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। यह गिरावट वैश्विक बाजारों में आई मंदी को दर्शाती है, जहां चांदी 13% से ज्यादा और सोना 2.77% तक सस्ता हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में क्या रहा सोना-चांदी का भाव?
अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो शुक्रवार को स्पॉट गोल्ड (हाजिर सोना) 0.4% बढ़कर 4,790.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। हालांकि, इस हफ्ते के हिसाब से सोने के दाम अभी भी 1.4% नीचे हैं। अमेरिका में अप्रैल डिलीवरी के लिए सोने के वायदा सौदे 1.7% गिरकर 4,806.50 डॉलर प्रति औंस पर थे। स्पॉट सिल्वर (हाजिर चांदी) पिछले सत्र में 19.1% की भारी गिरावट के बाद आज 71.32 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर रही। दिन की शुरुआत में, चांदी की कीमत 10% तक गिर गई थी और 65 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे चली गई थी, जो डेढ़ महीने का सबसे निचला स्तर था।
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद में सोने की कीमत
दिल्ली में स्टैंडर्ड सोना (22 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,13,352 रुपये है, जबकि शुद्ध सोना (24 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,23,648 रुपये है। मुंबई में स्टैंडर्ड सोना (22 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,13,232 रुपये है, जबकि शुद्ध सोना (24 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,23,528 रुपये है। चेन्नई में स्टैंडर्ड सोना (22 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,14,552 रुपये है, जबकि शुद्ध सोना (24 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,24,968 रुपये है। वहीं हैदराबाद में स्टैंडर्ड सोना (22 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,13,232 रुपये है, जबकि शुद्ध सोना (24 कैरेट) 8 ग्राम के लिए 1,23,528 रुपये है।
: शुरुआती गिरावट से संभले सोना-चांदी
सोना-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को सुबह-सुबह ही बड़ी गिरावट आई। एमसीएक्स पर दोनों धातुओं की कीमतें गिरावट के साथ खुलीं। हालांकि कुछ देर बाद इसमें कुछ मजबूती देखी गई। शुरुआती 15 मिनट में सोना-चांदी का बाजार कुछ संभलता हुआ दिखाई दिया। चांदी जो करीब 15 हजार रुपये की गिरावट के साथ खुली थी, वह गिरावट करीब 8000 रुपये रह गई। वहीं सोने में भी गिरावट करीब 1300 रुपये रह गई।
इंटरनेशनल मार्केट में भी भरभराकर गिरा सोना-चांदी
एक दिन पहले ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को चांदी और सोना 13 फीसदी तक लुढ़क गए थे। हाजिर चांदी 11.94 डॉलर यानी 13.54 फीसदी टूटकर 76.26 डॉलर प्रति औंस रह गई थी। वहीं, सोना 137.32 डॉलर यानी 2.77 फीसदी लुढ़ककर 4,826.99 डॉलर प्रति औंस रह गया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिकवाली के साथ डॉलर के मजबूत होने की वजह से ऐसा हुआ।
दिल्ली में भी गिर गई सोना-चांदी की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में गुरुवार को कीमती धातुओं के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 30,300 रुपये यानी 10.16 फीसदी लुढ़ककर 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। बुधवार को यह सफेद धातु 2,98,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 4,500 रुपये यानी करीब तीन फीसदी टूटकर 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले सत्र में यह 1,65,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
पिछले हफ्ते आई थी बड़ी गिरावट
पिछले हफ्ते पीली और सफेद धातु में भारी बिकवाली हुई, जिसने बाजार पूंजीकरण से खरबों डॉलर का सफाया कर दिया। विश्लेषकों का कहना है कि यह बिकवाली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के गवर्नर के चुनाव और मुनाफावसूली की उम्मीदों के कारण हुई। इसके बाद आई राहत वाली तेजी आंशिक रूप से बढ़ती भू-राजनीतिक तनाव का नतीजा थी, जो अब कम होते दिख रहे हैं।
साल 2025 में दिया था जबरदस्त रिटर्न
साल 2025 से ही सोना और चांदी चर्चा में रहे हैं, जब उन्होंने अभूतपूर्व उछाल दिखाया था और उम्मीदों से कहीं ज्यादा बढ़कर प्रदर्शन किया था। साल 2025 में सोने ने करीब 70 फीसदी और चांदी ने करीब 170 फीसदी रिटर्न दिया था। कीमती धातुओं में यह तेजी 2026 में भी जारी रही, जहां जनवरी के अंत तक सोना 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया था और चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार निकल गई थी।