सिलीगुड़ी। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट का एक कथित फोन कॉल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है। वीडियो में उन्हें पुलिस अधिकारी से बातचीत के दौरान कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते सुना जा रहा है।
झमकलाल जोत गांव में हुआ था संघर्ष
मामला सिलीगुड़ी महकमा परिषद के अंतर्गत जलास निजमतारा क्षेत्र के झमकलाल जोत गांव का है, जहां पिछले दिसंबर महीने में जमीन विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल थीं, जिन्हें गंभीर अवस्था में नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बाद में महिला ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ दिनों बाद नवजात की मृत्यु हो गई।
सांसद ने पुलिस को किया फोन
घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बताया जा रहा है कि आज सांसद राजू बिष्ट स्थानीय विधायक और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आरोपी के घर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मामले की जांच की प्रगति जानने के लिए पुलिस को फोन किया। वायरल ऑडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा रहा है कि “आप तृणमूल के दलाल हैं क्या? आप जानते हैं किससे बात कर रहे हैं? जितने भी गुंडे हैं, सबको कह दीजिए, मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है। दार्जिलिंग जिले में रहना है तो गुंडागर्दी छोड़नी होगी, नहीं तो जिला छोड़ना होगा।”
विपक्ष ने सांसद पर बोला हमला
इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। सिलीगुड़ी के डिप्टी मेयर रंजन सरकार सरकार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश का संविधान लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं को “गुंडा” कहना या इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना समाज के लिए हानिकारक है और संविधान ऐसी किसी भी मानसिकता को बढ़ावा नहीं देता।
फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है, जबकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।