सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी शहर के प्रमुख बाजार विधान मार्केट के व्यवसायी लंबे समय से दुकान की मालिकाना हक की जटिलता, पार्किंग की कमी और भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान हैं। वर्षों से आंदोलन, धरना और प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं मिलने का आरोप व्यापारियों ने लगाया है।
बारिश में घुटनों तक भर जाता है पानी
व्यापारियों का कहना है कि सिर्फ मालिकाना हक की अनिश्चितता ही नहीं, बल्कि बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। बाजार के व्यापारी मिठू बोस ने बताया कि थोड़ी सी बारिश में ही घुटनों तक पानी भर जाता है। दुकान के अंदर पानी घुसने से सामान खराब हो जाता है, जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ता है।”
वहीं तापन सरकार, गौतम प्रमाणिक और रतन साहा जैसे अन्य व्यापारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम लगता है, जिसका सीधा असर उनके व्यवसाय पर पड़ता है। उन्होंने आने वाले विधायक से पार्किंग की स्थायी व्यवस्था, दुकानों का पक्का पट्टा यानी मालिकाना अधिकार और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की मांग की है।
विधानसभा चुनाव को लेकर अब व्यापारियों में नई उम्मीद
इस मुद्दे पर व्यापारी संघ के सदस्य असित डे ने कहा, “कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हम चाहते हैं कि जो भी पार्टी चुनाव जीते, वह विधान मार्केट के समग्र विकास को प्राथमिकता दे।”
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अब व्यापारियों में नई उम्मीद जगी है। उनकी एक ही मांग है—पुरानी समस्याओं का जल्द और स्थायी समाधान किया जाए।