नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न केवल टीम इंडिया को संकट से उबारा, बल्कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेली गई नाबाद 84 रनों की पारी के दम पर सूर्या अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली को पछाड़ा है।
विराट कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त
अपने 105वें टी20 इंटरनेशनल मैच में सूर्यकुमार यादव ने करियर का 17वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने महान बल्लेबाज विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 125 मैचों में 16 PoTM अवॉर्ड दर्ज हैं। वर्ल्ड लेवल पर बात करें तो सूर्या अब केवल मलेशिया के विरदीप सिंह (22) और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (19) से ही पीछे हैं। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सूर्या का चौथा PoTM अवॉर्ड था, जो कोहली के बाद किसी भी भारतीय द्वारा दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में 8 बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता है।
सूर्या ने खराब फॉर्म की बातों पर जड़ा जोरदार तमाचा
पिछले कुछ महीनों से सूर्यकुमार अपनी लय को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे थे, लेकिन उन्होंने हमेशा एक ही बात दोहराई थी कि ‘मैं केवल रनों से दूर हूं, फॉर्म से नहीं।’ उनकी यह बात टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत के साथ ही सच साबित हो गई। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में तीन अर्धशतक जड़ने वाले सूर्या ने अब अपनी पिछली पांच टी20 पारियों में कुल चार अर्धशतक लगा दिए हैं। संकट के समय खेली गई उनकी इस कप्तानी पारी ने साबित कर दिया कि वह क्यों इस फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाते हैं।
77/6 के स्कोर से टीम इंडिया की जीत तक का सफर
शनिवार को मुंबई में खेले गए ग्रुप ए के इस मुकाबले में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी। अमेरिका के गेंदबाजों ने भारतीय शीर्ष और मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया था और एक समय टीम का स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था। यहां से सूर्या ने एक छोर संभाला और नाबाद 84 रनों की क्लासिक पारी खेलकर भारत को 161/9 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। अंत में भारतीय गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया और अमेरिका को लक्ष्य से 29 रन दूर रोककर वर्ल्ड कप में जीत के साथ आगाज किया।