चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य आज डाॅ. अमरीन काैर संग शादी के बंधन में बंध जाएंगे। आनंद कारज चंडीगढ़ के सेक्टर 11 के गुरुद्वारा साहिब में होगा।
बुशहर राजघराने के वारिस विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार वैवाहिक बंधन में बंध रहे हैं। अमरीन कौर चंडीगढ़ निवासी सरदारनी ओपिंदर कौर एवं सरदार जोतिंदर सिंह सेखों की सुपुत्री हैं।
विज्ञापन
कौन हैं डॉ. अमरीन सेखों
डॉ. अमरीन सेखों के पास अंग्रेजी और मनोविज्ञान में दोहरी मास्टर डिग्री है और उन्होंने मनोविज्ञान में पीएचडी भी की है। डॉ. अमरीन सेखों पंजाब यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के पद पर काम रह रही हैं। बताया जा रहा है कि डॉ. सेखों विक्रमादित्य सिंह की पुरानी दोस्त हैं। वह करीब 35 साल की हैं और उनकी यह पहली शादी है।
कौन हैं विक्रमादित्य सिंह
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के एक प्रमुख राजनेता और कांग्रेस पार्टी के नेता हैं। वे हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं। वर्तमान में, वे हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD), तथा शहरी विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने हिमाचल के बिशप कॉटन स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया। इसके बाद, उन्होंने लंदन से इतिहास में मास्टर्स डिग्री हासिल की।
विक्रमादित्य सिंह ने 2013 में राजनीति में प्रवेश किया और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने। वे 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण से विधायक चुने गए और 2022 में दोबारा इस सीट से जीत हासिल की। 2022 में, उन्हें सुक्खू सरकार में लोक निर्माण विभाग, युवा सेवा और खेल विभाग का मंत्री बनाया गया। बाद में उन्हें शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई। वर्तमान में इनके पास लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास की जिम्मेदारी है।