मुंबई। आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में रविवार को मुंबई इंडियंस की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई पिछले 13 साल से टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला नहीं जीत सकी है और उसकी नजरें अपने होम ग्राउंड पर इस तिलिस्म को तोड़ने की होगी।
आखिरी बार 2012 में जीता था ओपनिंग मैच
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के सीजन की शुरुआत आखिरी बार जीत के साथ साल 2012 में की थी। इसके बाद से हर बार टीम को टूर्नामेंट के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इस खराब रिकॉर्ड से इस बार पीछा छुड़ाना चाहेगी। आईपीएल 2026 में मुंबई की टीम कागज पर काफी दमदार नजर आ रही है।
टीम के पास रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक और रेयान रिकेल्टन के रूप में तीन धाकड़ सलामी बल्लेबाज मौजूद हैं। मुंबई का मध्य क्रम भी काफी संतुलित नजर रहा है। मध्यक्रम में टीम के पास तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, नमन धीर के रूप में दमदार बल्लेबाज हैं। इसके साथ ही नीलामी में टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड को भी खरीदा है, जो अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। वहीं, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स और शार्दुल ठाकुर बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं। जैक्स की हालिया फॉर्म भी काफी शानदार रही है, लेकिन वह केकेआर के खिलाफ मैच का हिस्सा नहीं होंगे।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह टीम के पेस अटैक की कमान संभालते नजर आएंगे। बुमराह का साथ दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट देंगे। वहीं, स्पिन विभाग में टीम के पास अल्लाह गजनफर और मिचेल सैंटनर के रूप में दो अच्छे स्पिनर्स मौजूद हैं। सैंटनर भी हालांकि, इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं, टीम के लिए राहत की बात यह है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले मैच से पूर्व टीम से जुड़ गए हैं। इसके साथ ही टीम के पास मयंक मारकंडे का भी विकल्प मौजूद है।
केकेआर-मुंबई का हेड टू हेड रिकॉर्ड
वानखेड़े के मैदान पर केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। वानखेड़े में दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले 12 मुकाबलों में से केकेआर महज दो मैच ही जीत सकी है। मुंबई और केकेआर के बीच आईपीएल में अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से मुंबई ने 24 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि केकेआर ने 11 मैच जीते हैं।