डेस्क। बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर ने अपनी एक्टिंग से इंडस्ट्री में जबरदस्त पहचान बनाई है। जाह्नवी कपूर ने हिंदी सिनेमा में कई हिट फिल्में दी हैं, जिसने बॉक्स ऑफिस पर तो तूफान मचाया ही, साथ ही दर्शकों का भी खूब दिल जीता है। लेकिन हाल ही में जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक्ट्रेस ने बताया कि महज 15 साल की उम्र में उनके साथ एक घटिया हरकत हुई थी। उनकी मॉर्फ्ड फोटोज एडल्ट साइट पर मौजूद थीं। एक्ट्रेस ने बताया आज भी कई बार उनकी एडिट की हुई फोटोज और वीडियोज उन्हें सोशल मीडिया पर नजर आती है।
नहीं पता कि डीपफेक था या क्या था
जाह्नवी कपूर ने राज शमानी संग पॉडकास्ट में अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातों का जिक्र किया। एक्ट्रेस ने इस बारे में बात करते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि डीपफेक था या क्या था। लेकिन वो कुछ ऐसा ही था। मैंने अपनी एक फोटो पॉर्न साइट पर देखी थी।” एक्ट्रेस ने बताया कि उनके साथ ये घटना स्कूल के वक्त में हुई थी। जाह्नवी कपूर ने कहा, “हमारी एक आईटी क्लास थी स्कूल में और लड़के मजे के लिए उन साइट्स पर अक्सर जाया करते थे। मेरी फोटोज वहां थीं। और ये स्कूल में हुआ था। तो ये मेरे लिए बहुत ही घटिया अनुभव रहा है।”
जाह्नवी कपूर ने अपना दर्द जाहिर करते हुए कहा, “एक प्वॉइंट पर, मुझे ऐसा लगा कि तो ये कीमत मुझे चुकानी पड़ेगी। कोई शिष्टता नहीं है सोशल मीडिया पर इन चीजों में। मेरे कई विजुअल्स ऐसे हैं जो आधिकारिक न्यूज पेज पर भी साझा किये गए हैं और वो पूरी तरह से एआई हैं। मैंने कभी वो कपड़े नहीं पहने या वैसी तस्वीरें नहीं क्लिक कराईं।” जाह्नवी कपूर ने बताया कि ये चीजें उनके करियर पर भी असर डाल सकती हैं। एक्ट्रेस ने कहा, “ये पूरे में फैल जाती हैं, जैसे मैंने उन्हें शेयर किया हो। ये एक तरीके का गलत प्रभाव डालता है। अगर कल को मैं एक डायरेक्टर से बोलूं कि मैं कुछ चीज पहनने में सहज नहीं हूं तो सामने वाला इंसान उन फोटोज को दिखाकर कह सकता है कि तुम ये पहले कर चुकी हो।”
एक्ट्रेस ने ‘धड़क’ के दौरान झेले गए मानसिक दर्द पर खुलकर बात की
बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया बाहर से जितनी रंगीन दिखती है, अंदर से उतनी ही खोखली हो सकती है. इसका सबसे बड़ा उदाहरण जाह्नवी कपूर है। साल 2018 में जब उन्होंने ‘धड़क’ से बॉलीवुड में कदम रखा, तो दुनिया को लगा कि बॉलीवुड को एक स्टार मिली है। फिल्म सुपरहिट रही और सिनेमाघरों में नोटों की बारिश हुई, लेकिन जाह्नवी के अंदर कुछ और ही चल रहा था। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने अपने उस दौर का ऐसा सच बताया है जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। एक्ट्रेस ने ‘धड़क’ के दौरान झेले गए मानसिक दर्द पर खुलकर बात की है. जाह्नवी को लगने लगा था कि दर्शक उनसे नफरत करते हैं और उनका करियर शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया है।
जाह्नवी कपूर ने बताया कि ‘धड़क’ की रिलीज के वक्त वह अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रही थीं। फिल्म आने से ठीक पहले उन्होंने अपनी मां और लेजेंडरी एक्ट्रेस श्रीदेवी को खो दिया था। एक तरफ मां को खोने का पहाड़ जैसा दुख था और दूसरी तरफ करियर की शुरुआत। जाह्नवी कहती हैं, “आज लोग कहते हैं कि धड़क ने बहुत पैसे कमाए और मैं उसमें अच्छी थी, लेकिन मेरे लिए वो यादें बहुत कड़वी हैं. उस वक्त मैं गहरे डिप्रेशन में चली गई थी। “
‘मुझे लगा लोग मुझसे नफरत करते हैं’
जाह्नवी के मन में यह डर बैठ गया था कि दर्शक उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्हें हर तरफ से मिल रही आलोचनाएं इतनी ज्यादा चुभने लगी थीं कि उन्हें लगने लगा कि उनका करियर शुरू होने से पहले ही तबाह हो गया है। जाह्नवी ने राज शमानी के पॉडकास्ट में खुलासा किया, “मुझे अपनी हिम्मत और तारीफ हमेशा मां से मिलती थी। उनके जाने के बाद मैंने वही उम्मीद जनता से लगा ली। मुझे लगा कि सब मुझे एक बार में प्यार करने लगेंगे, जो मुमकिन नहीं था. मेरा पूरा ध्यान सिर्फ बुराई करने वालों पर था।”
धड़क की कामयाबी का नहीं हुआ अहसास
हैरानी की बात यह है कि जाह्नवी को तब यह अहसास ही नहीं हुआ कि उनकी पहली फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट्स में से एक थी। शशांक खेतान के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 110.11 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। लेकिन मानसिक तनाव के चलते जाह्नवी को सिर्फ यही लगता रहा कि वह एक बहुत बुरी कलाकार हैं और दुनिया उन्हें पसंद नहीं करती. वह कहती हैं, “उस वक्त वही नकारात्मकता मेरी असलियत बन गई थी। “
संघर्ष से सफलता तक का सफर
उस अंधेरे दौर से निकलकर जाह्नवी ने खुद को साबित किया. ‘धड़क’ के बाद उन्होंने ‘गुंजन सक्सेना’, ‘रूही’ और ‘गुड लक जेरी’ जैसी फिल्मों में शानदार एक्टिंग की। उन्होंने दिखाया कि वह सिर्फ एक स्टार किड नहीं, बल्कि एक कलाकार हैं। जाह्नवी जल्द ही साउथ सुपरस्टार राम चरण के साथ तेलुगु फिल्म ‘पेड्डी’ (RC16) में नजर आएंगी, जो इसी साल रिलीज होने वाली है।