कटनी। एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा की जिंदगी में जून 2025 की एक रात ने तूफान ला दिया। उसी स्कूल के तीन छात्रों ने चेहरों पर मास्क पहनकर उसे डरा-धमकाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता इतनी सहम गई कि धमकियों और समाज के डर से कई महीनों तक यह राज अपनी मां से भी छिपाती रही।
पीड़िता के माता-पिता का तलाक हो चुका है
पीड़िता के माता-पिता का तलाक हो चुका है। मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं और अकेले घर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से बच्ची को पेट में तेज दर्द होने लगा। मां उसे कटनी के एक निजी अस्पताल ले गईं, जहां जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ बच्ची गर्भवती है और प्रसव का समय आ चुका है। डॉक्टरों ने तत्काल नॉर्मल डिलीवरी कराई और सोमवार रात करीब 11 बजे पीड़िता ने एक स्वस्थ लड़के को जन्म दिया।
पुलिस महकमे में हड़कंप मचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीएसपी नेहा पच्चीसिया तत्काल बल के साथ अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया, ‘यह मामला बेहद गंभीर है। एनकेजे थाना पुलिस को गैंगरेप का केस दर्ज करने और आरोपियों की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। हमारी पहली प्राथमिकता पीड़िता और नवजात का स्वास्थ्य है। जांच जारी है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।’ यह घटना समाज में नाबालिगों की सुरक्षा, स्कूलों में जागरूकता और पीड़िताओं के मनोबल को मजबूत करने की जरूरत को एक बार फिर उजागर करती है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।