भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में एक किन्नर मौसी गरीबों के लिए मसीहा बनी हुई है। अपने नेक दिल काम से उसने लोगों का दिल जीत लिया है। किन्नर नीतू जो मौसी के नाम से फेमस है। वह 15 सालों से गरीब लड़कियों के हाथ पीले करने में दिल खोलकर मदद करती है। उसका यह उदाहरण समाज और प्रदेश के लिए अनुकरणीय है। अपनी इसी समाज सेवा से नीतू किन्नर मौसी ने गरीबों के दिल में खास जगह बनाई है। यहीं नहीं नीतू की मदद में न धर्म का भेद है, ना जात पात का।
149 गरीब लड़कियों का किया विवाह
भरतपुर में किन्नर नीतू मौसी के नाम से चर्चित अपनी समाज सेवा से नई पहचान बन चुकी है। उसके नेक दिल काम से लोगों में उसके प्रति आदर का भाव है। समाज सेवा की ऐसी मिसाल, जिसने धर्म, जात, पात को नहीं देखकर हर गरीब घर की मदद करने का प्रयास किया है। करीब 15 सालों से इस पुण्यशाली काम में किन्नर नीतू मौसी जुटी हुई है। उसने हिंदू मुस्लिम दोनों ही वर्ग के गरीब समुदाय के 149 बेटियों का घर बसाने का पुण्यदायी काम किया है। वह अपनी आय का अधिकांश हिस्सा समाज सेवा में खर्च करती रहती है।
इस वर्ष भी 9 बच्चियों का किया विवाह
किन्नर नीतू मौसी लगातार 15 सालों से अपनी आय से लगातार समाज सेवा में जुटी हुई है। इस साल भी वह नो बेटियों की शादी करवा चुकी है। इस दौरान नीतू मौसी ने बताया कि उसके पास प्रतिवर्ष तीन से चार दर्जन आवेदन आते हैं, जिन्हें जांच और परखने के बाद वह उनकी शादी का खर्चा उठाती है। इस दौरान शादी में लड़कियों को जरूरत के समान, फ्रिज, बेड बर्तन और अन्य घरेलू सामग्री देती है। इस दौरान वह लड़कियों को पांच तोला सोने चांदी के विभिन्न आभूषण भी देती है। इस दौरान किन्नर नीतू मौसी किसी भी धर्म के साथ भेदभाव नहीं करती है। वह हिंदू लड़कियों का विवाह करवाती है, तो मुस्लिम लड़कियों का उन्हीं के परंपरा के अनुसार निकाह भी करवाती है।