नई दिल्ली। देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में है. 37 में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। अब सारा ध्यान उन 11 सीटों पर है जहां उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण आज वोटिंग हो रही है। वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू हो गई है और चार बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे।
जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें बिहार (5 सीटें), ओडिशा (4 सीटें) और हरियाणा (2 सीटें) शामिल हैं। बिहार की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
इन तीन राज्यों में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। मौजूदा स्थिति में 37 में से 25 सीटें INDIA गठबंधन के पास हैं, जबकि 12 सीटें NDA के खाते में हैं। चुनाव के बाद तस्वीर बदल सकती है। NDA को 8 सीटों का फायदा हो सकता है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली बार राज्यसभा सांसद बनेंगे। वहीं 84 साल के शरद पवार महाराष्ट्र से निर्विरोध चुने गए हैं।
ओडिशा-हरियाणा में उलटफेर के आसार, कांग्रेस-बीजेडी विधायकों को रिजोर्ट ले गए थे। ओडिशा में विपक्षी बीजेडी और कांग्रेस ने रविवार को 5 विधायकों नोटिस जारी किया था। वहीं भाजपा ने अपने 82 विधायकों को पारादीप भेज दिया था।
हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा ने अपने विधायकों की बाड़बंदी की है। कांग्रेस ने अपने 31 विधायकों को शिमला के रिजॉर्ट भेजा था। भाजपा ने अपने सभी 47 विधायकों को निजी होटल में शिफ्ट किया था। कांग्रेस विधायक हिमाचल से सीधे विधानसभा पहुंचेंगे। भाजपा ने अपने विधायकों को सुबह 10 बजे इकट्ठे होने के लिए कहा है।
बिहार में संख्याबल के हिसाब से एनडीए की 4 सीटों पर जीत तय

बिहार में संख्याबल के हिसाब से एनडीए की 4 सीटों पर जीत तय। 5वीं सीट के लिए उलटफेर हो सकता है। बिहार: राज्य में विधानसभा की 243 सीटें हैं। यहां 5 सीटों पर 6 कैंडिडेट हैं। NDA के 202 विधायक है। वहीं, महागठबंधन के 35 विधायक हैं। मतलब NDA को 4 सीटें आसानी से मिल जाएंगी। उसके पास 202 विधायक हैं। 41 वोट के लिहाज से 4 सीटें जीत के लिए 164 विधायक लगेंगे। इसके बाद NDA के पास 38 विधायक बचेंगे और 5वीं सीट जीतने के लिए उसे 3 और विधायकों का समर्थन चाहिए। वहीं, महागठबंधन के पास अभी 35 विधायक हैं। उसे अगर ओवैसी की पार्टी AIMIM के सभी 5 और BSP विधायक का साथ मिला तो एक सीट जीत सकता है।
ओडिशा में राज्यसभा की 4 सीटों के लिए चुनाव होगा
ओडिशा: राज्य में विधानसभा की 147 सीटें हैं। यहां राज्यसभा की 4 सीटों के लिए चुनाव होगा, लेकिन 5 उम्मीदवार हैं। एक सीट पर जीत के लिए 30 विधायकों का समर्थन चाहिए। भाजपा के दो प्रत्याशी मनमोहन सामल और सुजीत कुमार की जीत तय है। BJD के पास 48 वोट हैं। उसने 2 उम्मीदवार उतारे हैं। संत्रुप्त मिश्रा और दत्तेश्वर होता। मिश्रा की जीत तय है। पेंच चौथी सीट पर फंसा है। भाजपा ने दिलीप राय को समर्थन दिया है। कांग्रेस के 14 और माकपा का एक विधायक होता के साथ हैं। क्रॉस वोटिंग पर नतीजे पलट सकते हैं।
हरियाणा में 3 उम्मीदवार मैदान में हैं
हरियाणा: यहां कुल सीटें 90 हैं। 2 सीटों के लिए चुनाव होगा, लेकिन 3 उम्मीदवार मैदान में हैं। जीत के लिए 31 वोट जरूरी हैं। BJP के 48 विधायक हैं। BJP के एक प्रत्याशी संजय भाटिया का जीतना तय है। 7 वोट बचेंगे, जो निर्दलीय सतीश नांदल को जाएंगे। 3 निर्दलीय के अलावा इनेलो के 2 विधायक भी समर्थन दें तो संख्या 22 हो जाएगी। ये जीत से 9 वोट कम है। कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं। ये एकजुट रहे तो पार्टी प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को 31 से ज्यादा वोट मिल सकते हैं। लेकिन, क्रॉस वोटिंग हुई तो नतीजे पलट सकते हैं। पहले भी ऐसा हो चुका है, जब कांग्रेस के पास संख्याबल होने के बावजूद उसके प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसा 2016 और 2022 में हुआ था।
एनडीए को 8 सीटों का फायदा हो सकता
10 राज्यों की जिन 37 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें 7 राज्यों की राज्यों की 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। एनडीए और विपक्ष को 13-13 सीटें मिली हैं। 26 में से पहले एनडीए के पास 8 सीटें थीं। अब चुनाव होने के बाद एनडीए के पास 13 सीटें हो जाएंगी। यानी 5 सीटों का फायदा हुआ। वहीं, 3 राज्य हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों में पहले एनडीए के पास 4 सीटें थीं। चुनाव के बाद 7 सीटें मिलने के आसार हैं। यानी यहां 3 सीटों का फायदा हो सकता है। इस तरह एनडीए को कुल 8 सीटों का फायदा होने के आसार हैं।
बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए आज वोट डाले जाएंगे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, और शिवेश कुमार (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है। पांचवी सीट के लिए एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाहा (RLM) और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह के बीच सीधी टक्कर है। ओडिशा में भी 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं। वहीं हरियाणा में 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं।
बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए आज वोट डाले जाएंगे। मतदान की प्रक्रिया सुबह 9 बजे शुरू होगी और शाम चार बजे तक चलेगी। वहीं, पांच बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके 1 घंटे बाद रिजल्ट आने की संभावना है। बिहार राज्यसभा चुनाव में एक कैंडिडेट को जीतने के लिए 41 वोटों की आवश्यकता है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के रामनाथ ठाकुर, भाजपा के नितिन नवीन, शिवेश कुमार के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा को भी मैदान में हैं। बिहार में विपक्षी महागठबंधन की ओर से आरजेडी के मौजूदा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू
बिहार में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार विधानसभा पहुंच चुके हैं। पक्ष और विपक्ष दोनों ने चुनाव में सीटें जीतने का दावा किया है।
NDA को केवल जीत की औपचारिक घोषणा करना बाकी- कुशवाहा
बिहार JDU अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा, “हमारी NDA को केवल जीत की औपचारिक घोषणा करना बाकी है। 101% हमारी जीत पक्की है… विपक्ष कोई भी हथकंडा अपना ले लेकिन NDA के पक्ष में मतदान हो रहा है। पांचों की पांचों सीटें NDA के पक्ष में होंगी। उन्होंने आगे कहा कि विधायकों को बंदी बनाकर रखना लोकतंत्र का अपमान है। कुछ विधायक आजादी से मुक्त हुए हैं, कैद नहीं हैं तो हम उनकी हिम्मत की दाद देते हैं।”