सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी महकमा अंतरगर्त फांसीदेवा ब्लॉक के विधान नगर स्थित बुदारुगांव गांव के 219 नंबर बूथ पर मतदाता सूची से 332 लोगों के नाम हटाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुल 892 मतदाताओं में से इतनी बड़ी संख्या में नाम कटने से नाराज गांववाले सड़कों पर उतर आए और ग्रामीण सड़क पर टायर जलाकर अपना आक्रोश जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा चयनित तरीके से अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उनका कहना है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद उनके नाम सूची से हटा दिए गए, जो बेहद चिंताजनक है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द उनके नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने ऐलान किया कि मतदान के दिन वे मतदान केंद्र पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और मतदान का बहिष्कार करेंगे।
हैरानी की बात यह है कि 219 नंबर बूथ के बीएलओ का नाम भी मतदाता सूची से गायब बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जिन लोगों के नाम 2002 से मतदाता सूची में थे, उन्हें अचानक कैसे हटा दिया गया।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में चुनाव आयोग से जवाब की मांग की है और जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।