नई दिल्ली। इंग्लैंड को हराते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के लिए बीसीसीआई ने तिजोरी खोल दी है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम को साढ़े सात करोड़ रुपये प्राइज मनी देने का ऐलान किया गया है। दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड में से एक बीसीसीआई ने अपने उभरते सितारों की मेहनत को नवाजने के लिए इस इनाम की घोषणा की है।
7.5 करोड़ रुपये का इनाम
बीसीसीआई ने भारतीय अंडर 19 टीम के 7.5 करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। BCCI सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया ने कहा, “भारत के इंग्लैंड को हराकर ICC अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूरा देश खुश है… हमने वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है।” बता दें कि अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में इतिहास रचा
आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने फाइनल में इतिहास रचा था. भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी और 9 विकेट पर 411 रन बनाए थे जिसके बाद इंग्लैंड की टीम 311 रन ही बना सकी।फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार 175 रन की पारी खेली। वैभव ने केवल 80 गेंद पर 175 रन बनाए थे जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। वैभव की पारी के दम पर भारतीय टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बना पाने में सफल रही।
बीसीसीआई ने भारतीय अंडर 19 टीम की तारीफ की
बीसीसीआई ने विज्ञप्ति में मुख्य कोच ऋषिकेश कानिटकर और उनके सहयोगी स्टाफ के मार्गदर्शन की भी सराहना की। बीसीसीआई ने बोर्ड के ‘उत्कृष्टता केंद्र (सीओई)’ के क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के योगदान को भी विशेष रूप से उल्लेख किया, जिनकी देख रेख ने खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों के लिए तैयार किया।
टीम को बधाई देते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, ‘‘छठी बार अंडर-19 विश्व कप जीतना एक असाधारण उपलब्धि है और यह आयु-वर्ग क्रिकेट में भारत की ताकत को दर्शाता है. इस टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आत्मविश्वास और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया।पुरुष और महिला दोनों अंडर-19 विश्व कप खिताब अपने नाम करना हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है।.”
तेंदुलकर,कोहली, गंभीर ने दी बधाई
अपने दौर के महान बल्लेबाज रहे सचिन तेंदुलकर, पूर्व कप्तान विराट कोहली और मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। भारत को 2008 में अपनी कप्तानी में अंडर-19 खिताब जिता चुके कोहली ने सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की। भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने भी इस जीत को यादगार बताया. भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सूर्यवंशी की खास तौर पर तारीफ करते हुए लिखा, ‘वैभव का शानदार प्रदर्शन, क्या खास सोचकर उतरते हो. फाइनल में क्लास पारी।’