नई दिल्ली। आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर अभी तक गदर काट रही थी। इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर जहां यह भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है, तो वहीं दूसरी तरफ ग्लोबली भी यह फिल्म तूफानी रफ्तार से भाग रही है।
वर्ल्डवाइड 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस करने वाली ‘धुरंधर 2’ के बुधवार की कमाई के आंकड़े भी सामने आ चुके हैं, जिनमें अचानक एक बहुत बड़ा बदलाव आया है। 21वें दिन इस स्पाई-थ्रिलर फिल्म ने ओवरसीज और दुनियाभर में कितने करोड़ की कुल कमाई की, आइए नीचे देखते हैं पूरे आंकड़े:
बुधवार को बदल गया ‘धुरंधर 2’ का समीकरण
रणवीर सिंह और संजय दत्त स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से फैंस को उम्मीद थी कि यह फिल्म ग्लोबली साउथ और हिंदी की सभी फिल्मों को पीछे छोड़कर बॉक्स ऑफिस के सिंहासन पर बैठेगी। हालांकि, अब यह उम्मीद थोड़ी टूटती हुई दिखाई दे रही है, क्योंकि बुधवार को ‘धुरंधर 2’ की स्पीड वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर काफी कम हो गई है।
सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार तक ‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्डवाइड कुल 1641 करोड़ रुपये कमाए थे। 21वें दिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने सिर्फ 12.67 करोड़ रुपये की ही कमाई की है, जो अन्य सिंगल दिनों के मुकाबले काफी कम है। बुधवार तक इस फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 1,653.67 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
क्या टूट जाएगा ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का सबसे बड़ा सपना?
‘धुरंधर: द रिवेंज’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर अभी तक कई बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ चुकी हो, लेकिन बुधवार को कलेक्शन के डाउन होने के बाद अब उसका ‘इंडियन सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्म’ बनने का सपना टूटता हुआ दिखाई दे रहा है। ओवरसीज मार्केट में 407 करोड़ रुपये कमाकर यह भले ही कई फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी हो, लेकिन दुनियाभर की कुल कमाई के मामले में यह अभी भी ‘बाहुबली 2’, ‘पुष्पा 2’ और ‘दंगल’ जैसी फिल्मों से पीछे है।
‘धुरंधर 2’ के लिए प्रभास की फिल्म ‘बाहुबली 2’ और अल्लू अर्जुन की मूवी ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़ना तो फिर भी संभव लग रहा है, लेकिन आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ (Dangal) को पछाड़कर नंबर वन के सिंहासन पर बैठना ‘धुरंधर 2’ के लिए बेहद चैलेंजिंग होने वाला है।