हैदराबाद। हैदराबाद के पीवीआर में रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग बता रहे हैं कि एक ही स्क्रीन पर हिंदी और तेलुगू भाषा के टिकट बेच दिए गए।
फिल्म के दौरान थिएटर में हंगामा
इस बार आदित्य धर ने ‘धुरंधर द रिवेंज’ को पैन इंडिया रिलीज किया। यानी ये सिर्फ हिंदी में नहीं, बल्कि तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी बड़े पर्दे पर उतारी गई है। चार दिनों में इसने 690 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन दुनियाभर में कर लिया है। और ये सिलसिला अभी लंबे समय तक जारी रहेगा, जिससे ये जल्द ही कई नए रिकॉर्ड बनाएगी। मगर उसके पहले हैदराबाद नेक्स्ट गैलेरिया मॉल के PVR थिएटर में हंगामा मच गया, जब एक ही स्क्रीन पर हिंदी और तेलुगू के टिकट्स बेच दिए गए।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला दावा कर रही है कि उसने हैदराबाद के PVR मे फिल्म ‘धुरंधर 2’को तेलुगू भाषा में देखने के लिए टिकट ली थी। मगर जैसे ही ‘कॉकटेल 2’ का टीजर खत्म होता है, वैसे ही लोग आपस में बहस करने लगते हैं। महिला ने बताया कि मल्टीप्लेक्स ने एक ही स्क्रीन पर हिंदी और तेलुगू वर्डन के टिकट्स बेच दिए। जबकि उसने पॉप्युलर टिकट बुकिंग एप से टिकट्स खरीदी थीं।
तेलुगू में नहीं चलाई गई ‘धुरंधर 2’
अब थिएटर में मौजूद लोगों ने इस पर बहस करना शुरू किया कि किस भाषा में फिल्म चलाई जानी चाहिए। महिला ने चिल्लाते हुए कहा, ‘लेकिन तेलुगू वर्जन की बुकिंग पहले हुई थी।’ जबकि इंस्टाग्राम यूजर, जो ये सब रिकॉर्ड कर रहा था, उसने इस पूरी भसड़ को जमकर इंजॉय किया। इस पूरी घटना में पुलिस और थिएटर के स्टाफ भी दखल देने के लिए आते हैं। जिसके बाद लोग हिंदी और तेलुगू के लिए अलग-अलग स्क्रीन की डिमांड करते हैं। साथ ही धमकी देते हैं कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह सीढ़ियों पर बैठकर देखेंगे। महिला ने बताया कि तेलुगू टिकट बिकने के बावजूद सिनेमाघर में हिंदी वर्जन दिखाया गया।
‘धुरंधर 2’ के दौरान हुए हंगामे पर रिएक्शन
अब लोगों ने जब ये पूरा मामला देखा तो रिएक्ट किया। एक यूजर ने लिखा, ‘फिल्म पहले से ही 4 घंटे की थी और इनको 1 घंटे का और मनोरंजन मिल गया।’ एक ने लिखा, ‘पहले हाफ में तेलुगू चला लो और दूसरे हाफ में हिंदी वर्जन।’ एक ने कहा, ‘महिला को इससे अच्छा पवन कल्याण की उस्ताद भगत सिंह की टिकट खरीद लेनी चाहिए थी।’
‘धुरंधर 2’ की कास्ट
रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, सारा अर्जुन, उदयबीर संधू, मुस्तफा अहमद स्टारर ‘धुरंधर द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 250-300 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस मूवी का पहला पार्ट 5 दिसंबर, 2025 को थिएटर में आया था और सिर्फ एक भाषा के दम पर इसने 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था। हालांकि उसमें रहमान डकैत के किरदार में अक्षय खन्ना ने लाइमलाइट लूट ली थी और रणवीर सिंह के बारे में बात नहीं हो रही थी। लेकिन इस बार फिल्म हमजा के कंधो पर ही चलाई गई और वो अब छप्परफाड़ कमाई कर रही है।