कोलकाता। चुनाव से पहले केंद्रीय बलों को लेकर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग के स्पष्ट निर्देश के बावजूद कुछ जवानों के इफ्तार पार्टी में शामिल होने की शिकायत सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में तैनात केंद्रीय बल के सात जवानों पर आरोप है कि वे इफ्तार पार्टी में शामिल हुए थे। चुनाव आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कदम उठाए।
तीन को सात दिनों के लिए पैरामिलिट्री कस्टडी में भेजा गया
सूत्रों के अनुसार, आरोपित सात जवानों में से तीन को सात दिनों के लिए पैरामिलिट्री कस्टडी में भेजा गया है। दो जवानों को चेतावनी दी गई है, जबकि अन्य दो के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं, सभी सात जवानों को राज्य से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है।
चुनाव आयोग ने पहले ही निर्देश जारी किया था
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने पहले ही निर्देश जारी किया था कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के जवान किसी भी व्यक्ति के घर निमंत्रण स्वीकार नहीं करेंगे और न ही कहीं भोजन के लिए जाएंगे। इस आदेश का उल्लंघन करने पर अब सख्त कार्रवाई की गई है।
इस कदम के जरिए चुनाव आयोग ने साफ संदेश दिया है कि उसके निर्देशों की अनदेखी करने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।