नई दिल्ली। शुक्रवार को सुबह-सुबह सोना और चांदी में तेजी आ गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना प्रति 10 ग्राम करीब 1,200 रुपये उछल गया। वहीं चांदी में 6,000 रुपये से ज्यादा की तेजी आई। यह तेजी मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से आई है। वहीं कमजोर अमेरिकी डॉलर के कारण भी सोने की कीमतों को समर्थन मिला।
शुक्रवार सुबह 9:30 बजे अप्रैल डिलीवरी वाला सोना प्रति 10 ग्राम 1,207 रुपये की तेजी के साथ 1,60,880 रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी प्रति किलोग्राम 5,703 रुपये के उछाल के साथ 2,67,894 रुपये पर था। शुरुआत कुछ देर के कारोबार में ही सोना 1,60,710 रुपये तक और चांदी 2,67,123 रुपये तक गिर गई थी।
इंटरनेशनल मार्केट में कहां पहुंचा भाव?
इंटरनेशनल मार्केट में भी कीमती धातुओं में तेजी देखी गई। स्पॉट गोल्ड करीब 1% बढ़कर 5,124.73 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं स्पॉट सिल्वर 1.7% बढ़कर 83.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। हालांकि इस हफ्ते सोने में करीब 3% की गिरावट भी आई है, क्योंकि ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने और ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई की चिंता बनी हुई है।
सोना-चांदी की कीमतें क्यों बढ़ीं?
एक्सपर्ट के अनुसार ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित संपत्तियों की ओर बढ़ रहे हैं। साथ ही अमेरिकी डॉलर में भी गिरावट आई है। इस वजह से सोना और चांदी की कीमतों में तेजी आई है।
क्या है प्रमुख शहरों में भाव
दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,30,416 रुपये प्रति 8 ग्राम और 22 कैरेट सोने का भाव 1,19,552 रुपये प्रति 8 ग्राम है।
मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,30,296 रुपये प्रति 8 ग्राम पर है। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,19,432 रुपये प्रति 8 ग्राम है।
चेन्नई में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,31,952 रुपये प्रति 8 ग्राम है। 22 कैरेट का सोना 1,20,952 रुपये प्रति 8 पर है।
हैदराबाद में 24 कैरेट सोने का भा 1,30,296 रुपये प्रति 8 ग्राम पर है। वहीं 22 कैरेट गोल्ड 1,19,432 रुपये प्रति 8 ग्राम पर पहुंच गया है।
क्या है एक्सपर्ट की राय?
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी एक्सपर्ट मनोज कुमार ने बताया कि डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान तनाव और अमेरिका के रोजगार आंकड़ों से पहले आज के सत्र में सोना-चांदी में काफी अस्थिरता रह सकती है। उनका कहना है कि अमेरिका के जॉब डेटा जारी होने से पहले आज नए पोजिशन लेने से बचना बेहतर रहेगा।
क्या अभी निवेश करना सही है?
पिछले चौबीस घंटों में जिस तरह से सोने और चांदी की कीमतों ने गोते लगाए हैं, उसने आम खरीदारों और गहने बनवाने की सोच रहे परिवारों को भारी असमंजस में डाल दिया है। एक तरफ कल भाव तेजी से गिरे थे, तो आज उतनी ही रफ्तार से ऊपर भाग रहे हैं। इतिहास गवाह है कि जब भी दो देशों के बीच तनाव बढ़ता है, सोने की कीमतें आसमान छूती हैं। लेकिन यह अत्यधिक उतार-चढ़ाव आम निवेशक के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या युद्ध की यह आंच सोने को और महंगा करेगी, या फिर आने वाले दिनों में हालात सामान्य होने पर इसकी चमक फीकी पड़ेगी और कीमतें नीचे आएंगी? जानकारों का मानना है कि फिलहाल बाजार पूरी तरह मिडिल ईस्ट से आ रही खबरों के रुख पर निर्भर है।अगर जंग तेज होती है तो दाम में तेजी देखने को मिल सकती है, लेकिन हालात सही रहे तो भाव में नरमी जरूर देखने को मिलेगी।