नई दिल्ली। गुजरात के सुरेंद्रनगर में सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया. यहां सड़क किनारे चल रहे कुछ लोगों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए।
लखतर पुलिस इंस्पेक्टर योगेश पटेल ने बताया कि यह घटना लखतर-विरामगाम हाईवे पर रात करीब रात करीब 1:30 बजे हुई, जब तीर्थयात्रियों का एक ग्रुप राजकोट के एक मंदिर से पूजा-अर्चना करने के लिए एक जुलूस के रूप में पैदल जा रहा था।
ट्रक ने पैदल तीर्थयात्रियों को कुचला
जिले के लखतर तालुका में भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में, लापरवाही से चलाए जा रहे एक ट्रक ने इन श्रद्धालुओं को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में छह तीर्थयात्रियों और सड़क किनारे खड़े एक डंपर के ड्राइवर की मौत हो गई; मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं।अधिकारी ने बताया कि घायलों की संख्या अभी साफ नहीं है।
ट्रक ड्राइवर मौके से फरार
उन्होंने कहा, ‘तीर्थयात्री पैदल चल रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। वे बहुचराजी स्थित एक मंदिर में पूजा करने के लिए पैदल निकले थे, तभी पीछे से पूरी रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।’ अधिकारी ने आगे बताया कि ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने की कोशिश जारी हैं।