डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के बाद भारत बनाम आयरलैंड टी20 इंटरनेशन सीरीज का शेड्यूल घोषित कर दिया है। T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने वाली पहली टीम बनने के बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी। बोर्ड ने शुक्रवार को मैचों की तारीख के साथ समय और वेन्यू कन्फर्म किया है। भारतीय फैंस की बड़ी संख्या को देखते हुए दोनों मैच भारतीय समयानुसार, शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
ऐतिहासिक शहर बेलफास्ट में खेले जाएंगे मुकाबले
ये दोनों टी20I मैच ऐतिहासिक शहर बेलफास्ट में खेले जाएंगे। यह सीरीज T20 वर्ल्ड कप और IPL 2026 के बाद भारत की पहली टी20 सीरीज होगी। इंडियन प्रीमियर लीग के बाद टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ एक घरेलू सीरीज की मेजबानी करेगी, जिसमें एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मैच शामिल होंगे।
क्रिकेट आयरलैंड को होगा फायदा
बता दें कि भारत का आयरलैंड के खिलाफ पहले खेलने का कोई कार्यक्रम नहीं था। टीम को 1 जुलाई से इंग्लैंड का दौरा करना था। इसलिए बीसीसीआई और क्रिकेट आयरलैंड ने आयरलैंड के राजस्व को बढ़ाने के लिए एक छोटा दौरा आयोजित किया है। क्रिकेट में भारत सबसे ज्यादा दर्शक जुटाने वाली टीम है, इसलिए विरोधी टीमों को भारतीय टीम के खिलाफ खेलने से सबसे ज्यादा फायदा होता है। भारत और आयरलैंड आखिरी बार T20 वर्ल्ड कप 2024 में न्यूयॉर्क में एक-दूसरे के खिलाफ खेले थे।
वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं डेब्यू
आयरलैंड के दौरे पर युवा विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है, क्योंकि तब तक वह 15 साल के हो जाएंगे और बीसीसीआई के नियमानुसार, उनकी सीनियर राष्ट्रीय टीम में एंट्री के लिए दरवाजे खुल जाएंगे। अगर वैभव को स्क्वॉड में चुना जाता है तो उनका डेब्यू भी तय है।