Home » खेल » IPL 2026: खत्म हुआ मुंबई इंडियंस का 14 साल का सूखा, KKR को हराया, बने ये रिकॉर्ड

IPL 2026: खत्म हुआ मुंबई इंडियंस का 14 साल का सूखा, KKR को हराया, बने ये रिकॉर्ड

मुंबई। मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 14 साल बाद सीजन के पहले मैच में जीत हासिल की है।रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में मुंबई. . .

मुंबई। मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 14 साल बाद सीजन के पहले मैच में जीत हासिल की है।
रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने वाली कोलकाता ने 4 विकेट के नुकसान पर 220 रनों का विशाल योग तैयार किया था। जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में मात्र 4 विकेट गंवाकर 221 रनों के लक्ष्य को पूरा किया।

जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही

मुंबई की यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही। साल 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स को हराने के बाद से मुंबई कभी भी सीजन का पहला मैच जीत नहीं पाई थी। लगातार 13 सीजन तक पहले मैच में हार झेलने के बाद मुंबई ने 5107 दिनों बाद यह सूखा तोड़ा है।
इससे पहले मुंबई का सर्वश्रेष्ठ रन चेज साल 2021 में चेन्नई के खिलाफ 219 रनों का था, जिसे अब सुधार कर 221 पहुंचाया गया है। यह वानखेड़े स्टेडियम में किसी भी टीम द्वारा सफलतापूर्वक पीछा किया गया अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य भी है।

रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने की विस्फोटक ओपनिंग साझेदारी

मुंबई की जीत का आधार पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की विस्फोटक ओपनिंग साझेदारी ने तैयार किया। रोहित ने मात्र 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज 50 रन बनाने का कीर्तिमान बनाया। इससे पहले उन्होंने 2015 के फाइनल में चेन्नई के खिलाफ 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।
रोहित ने 78 रनों की पारी खेली जबकि रिकेल्टन ने 81 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई, जो मुंबई के लिए आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है।

रोहित शमा ने किया कीर्तिमान अपने नाम

इस मैच के माध्यम से रोहित शर्मा ने एक और बड़ी व्यक्तिगत सफलता हासिल की। उन्होंने कोलकाता के खिलाफ आईपीएल में 1161 रन पूरे करते हुए किसी भी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज का कीर्तिमान अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 रन बनाए थे।
रोहित ने कोलकाता के गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ 11 गेंदों में 23 रन जड़कर अपनी आक्रामक लय का प्रदर्शन किया। वरुण के लिए यह मैच काफी महंगा साबित हुआ, जहां वे कोई विकेट नहीं ले सके और उनका इकॉनमी रेट 11.86 रहा।

शार्दुल ठाकुर 3 विकेट झटके

गेंदबाजी में मुंबई के लिए पदार्पण कर रहे शार्दुल ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कोलकाता की सेट हो रही साझेदारियों को तोड़ते हुए महत्वपूर्ण 3 विकेट लिए। कोलकाता के लिए अजिंक्य रहाणे ने 67 और अंगकृष रघुवंशी ने 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।
मुंबई ने इससे पहले 19 सीजन में पांचवीं बार ही अपना पहला मैच जीता है, जिसमें साल 2009 से 2012 तक की लगातार चार जीत शामिल थीं। इस ऐतिहासिक जीत के साथ मुंबई ने नए सीजन की उत्साहजनक शुरुआत की है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम