डेस्क। IPL 2026 में एक नया सितारा उभरकर सामने आया है। 22 साल के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कूपर कोनोली ने IPL में पहली बार खेलते हुए बल्ले से कमाल कर दिया। कूपर ने IPL डेब्यू मुकाबले में ही उन्होंने मैच विनिंग पारी खेलकर पंजाब किंग्स की टीम को रोमांचक जीत दिलाई। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में कोनोली ने 44 गेंदों पर नाबाद 72 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए और पंजाब किंग्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 3 विकेट से जीत दिलाई। कूपर को मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द अवॉर्ड से नवाजा गया।IPL 2026 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 3 करोड़ रुपये में खरीदा था।
कूपर ने खेली शानदार पारी
गुजरात टाइटंस के 162 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए जब पंजाब का पहला विकेट गिरा तो, कप्तान अय्यर ने कूपर को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। इस मौके को शानदार अंदाज में भुनाते हुए कोनोली ने धमाकेदार अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक टिककर टीम को जीत दिलाई। 20वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने मैच खत्म किया।
उन्हें ऑस्ट्रेलिया और पंजाब किंग्स दोनों ही टीमों में ग्लेन मैक्सवेल के लंबे समय के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। मैक्सवेल की तरह कोनोली भी आक्रामक बल्लेबाज हैं और स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान देते हैं। कोनोली ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार शॉन मार्श को अपना आदर्श मानते हैं। IPL डेब्यू से पहले कोनोली 52 T20 मैच खेल चुके थे, जिसमें उन्होंने 870 रन बनाए और 30 विकेट भी लिए।
इंटरेनशनल क्रिकेट में खेले हैं 20 मैच
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले कोनोली ने ऑस्ट्रेलिया के लिए भी डेब्यू कर लिया है। उन्होंने 1 टेस्ट, 8 ODI और 11 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने 7 सितंबर 2024 को स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना T20I डेब्यू किया था, जबकि एकमात्र टेस्ट मैच 2025 में स्टीव स्मिथ की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उनके नाम टेस्ट में 4 रन, ODI में 94 रन और 6 विकेट, जबकि T20 इंटरनेशनल में 28 रन और 3 विकेट दर्ज हैं। ODI में उनके 6 में से 5 विकेट एक ही मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आए थे। कोनोली ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 की ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रहे, हालांकि उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली।
कूपर कोनोली ने IPL डेब्यू में ही यह साबित कर दिया है कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं। आने वाले मैचों में उनकी नजरें इसी प्रदर्शन को बरकरार रखने पर होंगी और वह पंजाब किंग्स के लिए बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।