डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन शुरू होने में कुछ ही दिन रह गए हैं। नए सीजन का पहला मुकाबला शनिवार (28 मार्च) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। हर सीजन की तरह इस सीजन भी स्टार खिलाड़ियों पर ही फैंस की निगाहें रहने वाली हैं लेकिन युवा जोश भी फिर से लाइमलाइट चुराने के लिए तैयार है।
IPL को युवा खिलाड़ियों को मंच देने के लिए जाना जाता है। यहां अच्छा प्रदर्शन कर खिलाड़ी रातों लाइमलाइट में आ जाते हैं। इस टूर्नामेंट ने कई खिलाड़ियों को गुमनामी से बाहर निकाला है। पढ़िए ऐसे ही उन 5 खिलाड़ियों के बारे में, जो IPL 2026 में स्टार बन सकते हैं।
रामकृष्ण घोष
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने महाराष्ट्र के ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष को 30 लाख रुपये में रिटेन कर सबको चौंका दिया था। CSK ने पिछले सीजन रामकृष्ण को एक मैच में भी नहीं उतारा था। ऐसे में उन्हें रिटेन किए जाने पर फैंस को थोड़ी हैरानी हुई। 28 साल के रामकृष्ण ने इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में गेंद और बल्ले से धमाल मचाकर बताया कि क्यों उन पर भरोसा जताया गया है। उन्होंने 7 मैचों में 17 विकेट झटकने के अलावा 119.04 के स्ट्राइक रेट से 225 रन भी बनाए। रामकृष्ण ने इस लिस्ट-ए टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 7 विकेट चटका दिए थे। इस बार IPL में भी उन पर निगाहें रहेंगी। CSK से रवींद्र जडेजा और सैम करन के जाने के बाद रामकृष्ण को मौका मिलना तय है।
मंगेश यादव
मध्य प्रदेश के मंगेश यादव RCB के लिए खेलने वाले हैं। डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने मिनी ऑक्शन में उनके लिए 5 करोड़ 20 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाई थी। 23 साल के मंगेश मध्य प्रदेश टी20 लीग से निकले हैं। उन्होंने पिछले साल इस लीग में 6 मैचों में 14 विकेट लेकर अपना नाम बनाया था। खासकर उनकी डेथ बॉलिंग से RCB के कप्तान रजत पाटीदार काफी प्रभावित हुए थे। मंगेश लोअर ऑर्डर में धुआंधार बल्लेबाजी करने में भी माहिर हैं। उन्होंने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में पंजाब के खिलाफ आठवें नंबर पर आकर 12 गेंद में नाबाद 28 रन ठोके थे। वह विवादों में यश दयाल के परफेक्ट रिप्लेसमेंट के रूप में देखे जा रहे हैं।
विशाल निषाद
मिस्ट्री स्पिनर विशाल निषाद को पंजाब किंग्स (PBKS) ने 30 लाख रुपये में खरीदा है। विशाल ने यूपी टी20 लीग में गोरखपुर लॉयंस के लिए खेलते हुए अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से IPL स्काउट्स का ध्यान खींचा था, जिसके बाद मिनी नीलामी में उनके लिए PBKS ने बोली लगाई। 20 साल के विशाल ने अब तक उत्तर प्रदेश के लिए कोई मैच नहीं खेला है लेकिन वह आगामी IPL सीजन में युजवेंद्र चहल के साथ मिलकर PBKS के स्पिन डिपार्टमेंट का जिम्मा संभालते नजर आएंगे।
अशोक शर्मा
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा गुजरात टाइटंस (GT) की टीम में हैं। GT ने उन्हें 90 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है। राजस्थान से आने वाले अशोक SMAT 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में संयुक्त रूप से टॉप पर रहे थे। उन्होंने 10 मैचों में ही 22 विकेट चटका दिए थे। अशोक लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद डालने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वह कोलकाता नाइट राइडर्स (2022) और राजस्थान रॉयल्स (2025) के स्क्वॉड का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि उन्हें IPL डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। इस बार संभावना है कि उनका यह सपना पूरा होगा।
क्रेन्स फुलेत्रा
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने एडम जाम्पा और राहुल चाहर जैसे बड़े लेग स्पिनर्स को रिलीज कर क्रेन्स फुलेत्रा जैसे अनजान स्पिनर पर बड़ा दांव लगाया है। SRH ने पिछले सीजन इस बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर को नेट बॉलर के तौर पर बुलाया था। जाम्पा के चोटिल होने के बाद फुलेत्रा SRH के मेन स्क्वॉड में शामिल किए जाने वाले थे लेकिन कुछ अड़चनें आ गईं, जिससे ऐसा नहीं हो सका। दरअसल, फुलेत्रा ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर्ड नहीं कराया था। इसके चलते वह SRH के स्क्वॉड में शामिल नहीं किए जा सके। SRH ने मिनी नीलामी में उन्हें अपने साथ जोड़ने का मौका नहीं जाने दिया और 30 लाख रुपये की बोली लगाई। अब वह जीशान अंसारी के साथ मिलकर SRH के स्पिन डिपार्टमेंट की अगुवाई करेंगे। फुलेत्रा घरेलू क्रिकेट में सौराष्ट्र के लिए खेलते हैं। उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर में अब तक सिर्फ एक लिस्ट-ए और दो टी20 मैच खेला है।