डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल का 19वां एडिशन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस सीजन का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु औऱ सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा और फाइनल भी यहीं खेला जाएगा।
यह सीजन टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा सीजन होगा, क्योंकि इसमें प्लेऑफ समेत कुल 84 मैच खेले जाएंगे। इससे पहले हुए 18 सीजन शानदार रहे है और उनमें कई रिकॉर्ड्स बने और टूटे हैं। आइए आईपीएल 2026 से पहले नजर डालते हैं कुख खास रिकॉर्ड्स पर
आईपीएल के बल्लेबाजी रिकॉर्ड्स
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 259 पारियों में 8661 रन बनाए हैं। उनके नाम ही एक आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान भी है। 2016 के सीजन में कोहली के बल्ले से 973 रन बनाए थे। कोहली ने अभी तक आईपीएल में 8 शतक लगाए हैं, जो कि सबसे ज्यादा हैं।
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा 357 छक्के क्रिस गेल ने जड़े हैं और टूर्नामेंट में अब तक सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी उन्होंने ही खेली है। गेल ने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे।
बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा 0 पर आउट ग्लेन मैक्सवेल हुए हैं। अपने आईपीएल करियर के 135 पारी में वह 19 बार बिना खाता खेले पवेलियन लौटे हैं।
आईपीएल के गेंदबाजी रिकॉर्ड्स
आईपीएल में विकेटों के सरताज हैं युजवेंद्र चहल, जिन्होंने 172 पारियों में 221 विकेट लिए हैं। उनके अलावा कोई अभी तक 200 विकेट के आंकड़े तक नहीं पहुंचा है।
वहीं एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले मे हर्षल पटेल औऱ ड्वेन ब्रावो संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। हर्षल ने 2021 में 32 विकेट और ब्रावो ने 2013 के सीजन में 32 विकेट लिए थे।
एक आईपीएल मैच में बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड अल्जारी जोसेफ के नाम है। 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए जोसेफ ने 12 रन देकर 6 विकेट लिए थे।
आईपीएल के विकेटकीपिंग और फील्डिंग रिकॉर्ड्स
विकेटकीपिंग रिकॉर्ड्स में एमएस धोनी टॉप पर हैं, उन्होंने कैच और स्टंपिंग समेत विकेट के पीछे से 201 शिकार किए हैं। वहीं फील्डिंग रिकॉर्ड्स में विराट कोहली का जलवा रहा है, वह अभी तक 117 कैच लपक चुके हैं।
आईपीएल टीम रिकॉर्ड्स
सबसे सफल टीमों की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस 5-5 बार चैंपियन बनी हैं। सबसे ज्यादा मैच खेलने और जीत का रिकॉर्ड मुंबई के नाम है। मुंबई ने सबसे ज्यादा 277 मैच खेले हैं औऱ सबसे ज्यादा 151 मैच जीते हैं।