नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव ने अंतर मंत्रालयी प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि देश की सारी रिफाइनरी अपनी पूरी क्षमता में काम कर रही है। उन्होंने कहा है कि घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और हम लगातार उपभोक्ताओं से अपील कर रहे हैं, जहां भी संभव हो वे नेचुरल गैस अपनाने की ओर बढ़ें। इस संबंध में राज्य सरकारों को भी पत्र लिखे गए हैं। इस दिशा में पहल करने वाले राज्यों को अतिरिक्त 10% एलपीजी मुहैया कराने का भरोसा भी दिया गया है।
13700 से अधिक कनेक्शन दिए गए हैं और 7500 से अधिक लोग एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट हुए हैं। ऑनलाइन बुकिंग्स में लगभग 93% की बुकिंग ऑनलाइन है। उनकी डिलिवरी की जा रही है। पैनिक बुकिंग कम हुई है। कल 55 लाख बुकिंग हुई है। सभी राज्यों के पास सप्लाई उपलब्ध है। पिछले एक हफ्ते में 11300 टन कमर्शियल एलपीपी उपभोक्ताओं को दी गई है। इस सप्लाई का 50 प्रतिशत शिक्षण संस्थाओं और अस्पतालों को मिला है।
लगभग 32 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कंट्रोल रूम सेटअप किए गए हैं। जिला निगरानी समिति भी काम कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों में लगभग 4500 जगहों पर छापेमारी की गई है। उत्तर प्रदेश में करीब 1100 जगहों पर छापेमारी की गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भी 1800 जगहों पर सरप्राइस इंस्पेक्शन किया है। एलपीजी के बारे में यही कहना है कि स्थिति अब भी चिंताजनक है, लेकिन उपभोक्ता अफवाहों पर ध्यान न दें और वैकल्पिक ईंधन का अधिक से अधिक उपयोग करने की कोशिश करें।
सरकार की अपील
सरकार ने साफ कहा है कि एलपीजी की स्थिति अभी भी गंभीर है. सप्लाई बनाए रखने की कोशिश जारी है, लेकिन आम लोगों से अनुरोध है कि वे वैकल्पिक ईंधन के विकल्पों पर भी विचार करें और घबराहट में खरीदारी से बचें।
खाड़ी में फंसे जहाज और नाविक पूरी तरह सुरक्षित: पोत परिवहन व जलमार्ग मंत्रालय
पोत परिवहन व जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि पिछले 24 घंटे में समुद्र से कोई अप्रिय घटना नहीं है। डीजी शिपिंग की लगातार मॉनिटरिंग लगातार जारी है। खाड़ी क्षेत्र में फंसे हमारे सभी 22 जहाज और 6 से अधिक नाविकों में सभी सुरक्षित है। पिछले 24 घंटों में हमारी हेल्पलाइन पर करीब सवा सौ कॉल और 200 से अधिक ईमेल आए। पिछले 24 घंटों के दौरान 25 भारतीयों को अभियान चलाकर भारत वापस लाया गया। देश के किसी भी पोर्ट पर कहीं कोई कंजेशन की स्थिति नहीं है। कार्गो के संचाल और कार्गो की आवाजाही में कहीं कोई दिक्कत नहीं है। न्यू मंगलोर पोर्ट ने क्रूड और एलपीजी के कार्गो से जुड़े चार्ज के वेवर के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। ये 14 मार्च से 31 मार्च तक वैध है।
पीएम ने दुनिया के पांच नेताओं से की बात: विदेश मंत्रालय
प्रेस वार्ता के दोरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कल दुनिया के पांच नेताओं से बात की। उन्होंने ओमान, मलेशिया, फ्रांस, जॉर्डन और कतर के नेताओं से बात की। इन वार्ताओं में प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने तनाव कम करने और उसके बाद शांति एवं स्थिरता की बहाली के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने ऊर्जा अवसंरचना पर हमलों की कड़ी निंदा की। प्रधानमंत्री और विभिन्न नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन के लिए अपना समर्थन दोहराया।” “प्रधानमंत्री ने ओमान के सुल्तान से भी बात की और उन्हें तथा ओमान के लोगों को ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की भारत की निंदा को दोहराया और भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी में ओमान के प्रयासों की सराहना की…”