डेस्क। टीवी इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर आ रही है। ‘एमटीवी स्प्लिट्सविला सीजन 7 के सबसे फेमस और शालीन कंटेस्टेंट्स में से एक रहे मयंक पवार की मौत हो गई है। उनके निधन की खबर ने न केवल उनके परिवार को, बल्कि उन हजारों युवाओं को भी झकझोर कर रख दिया है, जो उन्हें अपना आदर्श मानते थे। जैसे ही ये खबर आई हर कोई हैरान रह गया। लोग उनकी फोटो शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी
मयंक के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से इस दुखद खबर की पुष्टि की गई है। पोस्ट में उन्हें याद करते हुए लिखा गया, “एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटर और कई लोगों के लिए प्रेरणा। मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।” मयंक की पहचान केवल एक टीवी स्टार की नहीं थी, बल्कि वह फिटनेस वर्ल्ड के एक बड़े दिग्गज थे। उन्होंने सात बार ‘मिस्टर इंडिया’ का खिताब जीता था और एक बार वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के ‘ओवरऑल विनर’ भी रहे थे।
मयंक एक सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के तौर पर भी काफी फेमस थे। उनकी शानदार बॉडी और अनुशासित जीवनशैली की अक्सर चर्चा होती थी, लेकिन उनके अचानक चले जाने से फैंस गहरे सदमे में हैं।
लोगों का रिएक्शन
मयंक के निधन की खबर सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गई और फैंस ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने भावुक होते हुए कमेंट किया, ‘कुछ दिन पहले मैं उसकी स्प्लिट्सविला 7 की जर्नी देख रहा था। सच में यकीन नहीं हो रहा। पूरे स्प्लिट्सविला सीजन में उससे ज्यादा नेक इंसान नहीं देखा।’ वहीं उनकी मृत्यु के रहस्यमय कारणों को लेकर कुछ लोगों ने फिटनेस सप्लीमेंट्स के खतरों पर चिंता जताई। एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘बाहर से मस्कुलर दिखने का मतलब यह नहीं है कि आप हेल्दी हैं… बहुत ज्यादा सप्लीमेंट और स्टेरॉयड धीरे-धीरे अंदर के अंगों को खराब कर देते हैं।’ प्रशंसकों के बीच इस बात को लेकर गहरा दुख है कि इतना अनुशासित व्यक्ति इतनी कम उम्र में दुनिया छोड़ गया।
कभी मयंक के लिए रो पड़ी थीं सनी लियोनी
‘स्प्लिट्सविला 7’ के दिनों को याद करें तो मयंक अपनी मासूमियत, शांत स्वभाव और शानदार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। शो में उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि जब उन्हें क्वीन द्वारा एलिमिनेट किया गया तो शो की होस्ट सनी लियोनी अपने आंसू नहीं रोक पाई थीं। उन्होंने मयंक को विला से जाने से पहले बहुत प्यार से गले लगाया था, जो शो के इतिहास के सबसे भावुक पलों में से एक माना जाता है। यहां तक कि सख्त मिजाज माने जाने वाले होस्ट निखिल चिनप्पा ने भी नियमों को किनारे रखकर मयंक को विदाई देने से पहले गले लगाया था। मयंक न केवल अपने ‘पाउट’ और शरीर के लिए बल्कि अपनी सादगी के लिए भी याद किए जाते हैं। हालांकि, अभी तक सनी या निखिल की ओर से इस दुखद घटना पर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। मयंक पवार का जाना न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे फिटनेस समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति है।