इस्लामबाद। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) एक बार फिर शुरू होते ही विवादों के घेरे में आ गई है। रविवार को लाहौर कलंदर्स (LHQ) और कराची किंग्स (KRK) के बीच खेले गए मैच में बॉल टेंपरिंग का एक मामला सामने आया था। उससे पहले व्हाइट बॉल के पिंक होने का मामला सामने आया था। अब पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा पर सिक्योरिटी प्रोटोकॉल ब्रीच करने का आरोप लगा है।
अफरीदी-सिकंदर रजा को लगा सिक्योरिटी ब्रीच का आरोप
लाहौर क़लंदर्स कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और अनुभवी खिलाड़ी सिकंदर रज़ा पर आरोप है कि उन्होंने चार अनधिकृत मेहमानों को जबरदस्ती होटल की उस मंजिल पर ले गए, जहां टीम ठहरी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने रविवार को कराची किंग्स के खिलाफ मैच से पहले दोनों खिलाड़ियों पर ‘स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन’ और ‘निर्देशों की अनदेखी’ का आरोप लगाया है।
पंजाब पुलिस का गंभीर आरोप
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पंजाब पुलिस का लाहौर क़लंदर्स को लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पत्र के अनुसार, रात करीब 10:35 बजे लाहौर के लियाजों अधिकारी ने PCB के सुरक्षा और भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारी से संपर्क कर रज़ा के जानकारों को होटल रूम में मिलने की अनुमति मांगी। यह अनुरोध ठुकरा दिया गया। इसके बाद रात 11:00 बजे फ्रेंचाइजी के मालिक ने दोबारा अनुमति मांगी, जिसे भी सुरक्षा कारणों से नकार दिया गया।
मेहमान रात 1:25 बजे तक कमरे में रहे
बावजूद इसके, पत्र में कहा गया है कि रज़ा और अफरीदी ने सुरक्षाकर्मियों के विरोध और प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए चारों मेहमानों को जबरदस्ती अंदर ले गए। रिपोर्ट्स के अनुसार ये मेहमान रात 1:25 बजे तक कमरे में रहे।
क़लंदर्स के मीडिया प्रमुख उमर फारूख ने ईएसपीएनक्रीकइन्फो से बात करते हुए कहा, “हमें दो खिलाड़ियों से जुड़े इस घटनाक्रम की जानकारी है और हम पीएसएल के साथ इस मामले पर संपर्क में हैं।”
मैच के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए सिकंदर रज़ा ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “शाहीन ने किसी पर जोर नहीं डाला। दरअसल यह मेरी गुजारिश थी क्योंकि वो मेरे परिवार और दोस्त थे। पिछले चार सालों में परिवार या रिश्तेदारों से मिलने पर कभी कोई पाबंदी नहीं थी। अगर SOPs बदले हैं, तो न मुझे इसकी खबर थी और न ही शाहीन को।”
यह इकलौता विवाद नहीं है जिसने इन दिनों लाहौर क़लंदर्स को घेरा हुआ है। रविवार को कराची किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे मैच के दौरान लाहौर कलंदर्स के विस्फोटक बल्लेबाज फखर जमान पर गेंद के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था। जिसके बाद अंपायरों ने टीम पर पांच पेनल्टी रन भी ठोके थे। टीम के बल्लेबाज फखर जमान पर मैदानी अंपायरों ने बॉल टेम्परिंग का आरोप लगाया है और मैच रेफरी इस मामले में जल्द सुनवाई करने वाले हैं।