नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी (52) और यशस्वी जायसवाल (38*) की तूफानी पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने 128 रनों के लक्ष्य को 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। इसी के साथ राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। सोमवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 12.1 ओवर में दो विकेट पर 128 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
चेन्नई के बल्लेबाजों ने किया निराश
राजस्थान ने टॉस जीतकर चेन्नई को बल्लेबाजी का न्योता दिया था। राजस्थान के गेंदबाजों ने बारिश की वजह से पिच को मिली नमी का पूरा फायदा उठाया और सीएसके के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। तेज गेंदबाज हों या फिर स्पिनर सीएसके के बल्लेबाजों के लिए आरआर के हर गेंदबाज को झेलना मुश्किल हो रहा था। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके को मजबूत शुरुआत नहीं दे सके। दोनों 6-6 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे आयुष म्हात्रे अपना खाता भी नहीं खोल सके। मैथ्यू शॉट भी 2 रन बनाकर आउट हो गए। टीम के शीर्ष 4 बल्लेबाजों में कोई भी दो अंकों में नहीं पहुंच सका। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई।
जेमी ओवरटन ने टीम के लिए अकेले लड़ाई लड़ी
आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जेमी ओवरटन ने टीम के लिए अकेले लड़ाई लड़ी। ओवरटन ने 36 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर टीम का स्कोर 127 तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट होने से पहले ओवरटन ने दसवें विकेट के लिए अंशुल कंबोज (नाबाद 7) के साथ 33 रन की साझेदारी की। इसके अलावा, सरफराज खान ने 17 और कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए। 2012 से 2015 और 2018 से 2025 तक सीएसके का हिस्सा रहे दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने आरआर के लिए खेलते हुए अपने पहले ही मैच में अपनी पुरानी टीम को एक ही ओवर में दो बड़े झटके दिए। जडेजा ने एक ही ओवर में शिवम दुबे और सरफराज खान जैसे धाकड़ बल्लेबाजों को आउट किया। राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2, नांद्रे बर्गर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2, और रवींद्र जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। ब्रिजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट मिला।
वैभव और यशस्वी ने रखी जीत की नींव
128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 75 रन जोड़कर जीत की मजबूत नींव रखी। इस साझेदारी में वैभव ज्यादा मुखर रहे। वैभव ने 17 गेंदों पर 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 52 रन की पारी खेली। अंशुल कंबोज की गेंद पर सरफराज खान ने एक बेहतरीन कैच लेकर वैभव की पारी का अंत किया।
यशस्वी जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिए ध्रुव जुरेल के साथ 24 रन की साझेदारी की। जुरेल 9 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। जायसवाल और कप्तान रियान पराग ने नाबाद 29 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। जायसवाल ने पारी में एंकर की भूमिका निभाई। वह 36 गेंदों पर 38 रन बनाकर नाबाद रहे। पराग 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके की तरफ से दोनों विकेट अंशुल कंबोज ने लिए।