नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की धमकी दी है। उनका कहना है कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला तो बुधवार सुबह उसकी तबाही तय है। ट्रंप की इस धमकी के बाद आज घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दिख रही है। बीएसई सेंसेक्स में करीब 500 अंक गिरावट आई है जबकि निफ्टी 22,600 अंक से नीचे चला गया। सुबह 10 बजे सेंसेक्स 500.84 अंक यानी 0.68% गिरावट के साथ 72,818.71 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 140.95 अंक यानी 0.62% फिसलकर 22,572.15 अंक पर आ गया। पिछले सत्र में सेंसेक्स 185.23 अंक की तेजी के साथ 73,319.55 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी भी 33.70 अंक की तेजी के साथ 22,713.10 पर पहुंच गया था। हालांकि कारोबार के दौरान इसमें काफी गिरावट आई थी। लेकिन अंतिम एक घंटे में बाजार ने पलटी मारी थी। सेंसेक्स 158 अंक की तेजी के साथ 73,477.53 अंक पर खुला जबकि निफ्टी 67 अंक उछलकर 22,780 अंक पर खुला। लेकिन जल्दी ही इनमें गिरावट आ गई।
किन शेयरों में आई तेजी
सेंसेक्स के शेयरों में इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, अडानी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट आई। दूसरी ओर ट्रेंट, टेक महिंद्रा, टाइटन, इन्फोसिस और पावर ग्रिड में तेजी आई। एनएसई पर 1,702 शेयरों में गिरावट आई है और 1,036 शेयरों में तेजी दिख रही है जबकि 85 शेयरों में कोई बदलाव नहीं आया है। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी ऑयल एंड गैस में सबसे ज्यादा गिरावट आई है।
ब्रेंट क्रूड करीब 8 फीसदी उछला
कच्चे तेल की कीमत में आज तेजी आई है। पिछले सत्र में ब्रेंट क्रूड करीब 8 फीसदी उछला था जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड में 11 फीसदी तेजी आई है। आज भी शुरुआती कारोबार में ब्रेंट 112 डॉलर और डब्ल्यूटीआई क्रूड 115 डॉलर के पार चला गया था। अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था और उसके बाद मार्च में कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद कच्चा तेल पहली बार इस स्तर पर पहुंचा है।