डेस्क। भारत और पाकिस्तानएक बार फिर T20 वर्ल्ड कप में भिड़ सकते हैं. ग्रुप स्टेज के अंतिम मैच में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से हराकर सुपर-8 में जगह बना ली। इसी के साथ पाकिस्तानी टीम सुपर-8 में जगह बनाने वाली अंतिम टीम बन गई। हालांकि, पाकिस्तान को भारत से दोबारा भिड़ने के लिए दो बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
क्या है भारत-पाक का समीकरण?
सुपर-8 को भी दो ग्रुप में बांटा गया है. एक्स ग्रुप में भारत, साउथ अफ्रीका, जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज हैं। वहीं, वाई ग्रुप में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड हैं. इस स्टेज में भी राउंड रॉबिन मुकाबले होने हैं, यानी हर टीम अपने ग्रुप की सभी टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी. इसके बाद, दोनों ग्रुप की दो टॉप टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। ऐसे में अगर भारतीय टीम एक्स ग्रुप में टॉप-2 में और पाकिस्तानी टीम वाई ग्रुप में टॉप-2 में फिनिश करती है तो दोनों टीमें सेमीफाइनल में 4 मार्च को या फाइनल में 8 मार्च को भिड़ सकती हैं।
क्यों मुश्किल है पाकिस्तान की आगे की राह?
हालांकि, ये पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होने वाला है। इसकी सबसे बड़ी वजह है श्रीलंका और न्यूजीलैंड।दोनों ही टीमें इस वक्त टॉप क्रिकेट खेल रही हैं। साथ ही श्रीलंकाई टीम के पास होम एडवांटेज भी है। न्यूजीलैंड की इस वक्त सबसे बड़ी स्ट्रेंथ है स्पिन बॉलिंग के खिलाफ उनकी बैटिंग। टीम इंडिया के खिलाफ सीरीज में भी उनकी टीम ने काफी प्रभावित किया था। यानी अगर पाकिस्तानी टीम को आगे की राह तय करनी है तो उन्हें इन दोनों में से किसी एक टीम को पार पाने की रणनीति तैयार करनी होगी। मौजूदा पाकिस्तानी टीम में साहिबजादा फरहान को छोड़ दें तो कोई भी बैटर लय में नहीं है. ऐसे में अगर फरहान इन दोनों मुकाबले में फंसे तो टीम भी फंस सकती है।
नामीबिया को स्पिनर्स ने फंसाया
18 फरवरी को पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ 102 रनों से जीत दर्ज की। इस दौरान एक बार फिर साहिबजादा फरहान ने टीम की ओर से सबसे अच्छी पारी खेली।फरहान ने 58 गेंदों में 100 रन बनाए. इसके दम पर पाकिस्तानी टीम ने सिन्हालीज क्रिकेट ग्राउंड पर 199 रन बनाए।टारगेट को चेज करते हुए नामीबियाई टीम 97 रन ही बना सकी। पाकिस्तानी स्पिनर्स की जाल में नामीबियाई बैटर बहुत बुरा फंसे हुए नज़र आए। इस दौरान मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट झटके. शादाब खान को भी तीन सफलताएं मिलीं।