नॉर्थ परगना। गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के नॉर्थ परगना में कहा कि, ममता सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। बंगाल के लोग TMC को उखाड़ फेकेंगे। इनकी विदाई का समय आ गया है। ममता जी को SIR का जितना विरोध करना हैं कर लें। मतदाता सूची से घुसपैठियों को निकालना ही पड़ेगा। जो बचे घुसपैठिये रह जाएंगे वो भाजपा का सीएम आकर निकाल देगा। साल 2026 TMC को ‘टाटा, बाय-बाय’ कहने का साल है।
भगवान राम ने राम सेतु बनाया था, तो रावण ने भी मजाक उड़ाया था
अमित शाह ने कहा साल 2026 TMC को ‘टाटा, बाय-बाय’ कहने का साल है। TMC तो कम्युनिस्टों से भी आगे निकल गई है। जब मैं पहले आया था, तो मैंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से BJP की सरकार बनेगी। उस समय ममता बनर्जी मेरा मजाक उड़ा रही थीं। लेकिन जब भगवान राम ने राम सेतु बनाया था, तो रावण ने भी इसी तरह उनका मजाक उड़ाया था।
शाह ने कहा 2024 में तीन दशक के बाद पहली बार मोदी लगातार तीसरी बार इस देश के प्रधानमंत्री बने हैं। 24 में ही हमने आंध्र प्रदेश में सरकार बनाई। हमने ओडिशा में सरकार बनाई। अरुणाचल में तीसरी बार सरकार बनाई। 2025 में हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में 30 साल के बाद सरकार बनाई और 25 का अंत आते-आते बिहार में भी प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा और एनडीए की सरकार बनी। जितने भी लोग आजादी के संघर्ष में शहीद हुए, जिन्हें फांसी के फंदे पर लटकाया गया उनका आखिरी शब्द भी वंदे मातरम् ही था। मोदी सरकार ने वंदे मातरम् के 150 साल पूरे देश में मनाने का निर्णय लिया है।
बंगाल से उठा हुआ वंदे मातरम् का नारा
गृह मंत्री ने कहा फिर से एक बार बंगाल से उठा हुआ वंदे मातरम् का नारा कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से बंगाल तक पहुंचाने का निर्णय नरेंद्र मोदी जी ने किया है।मगर विडंबना देखिए कि वंदे मातरम् का उद्भव बंगाल की माटी से हुआ, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय जी ने किया। उसी वंदे मातरम् पर जब संसद में चर्चा हो रही थी, तो ममता बनर्जी के सांसद उस चर्चा का विरोध कर रहे थे। आनंदपुर में लगी आग कोई हादसा नहीं है। 25 लोगों की जान चली गई है, और 27 लोग लापता हैं। यह घटना क्यों हुई? इस मोमो फैक्ट्री में किसका पैसा लगा है? मोमो फैक्ट्री के मालिक कौन हैं?
आनंदपुर गोदाम में लगी आग को लेकर बोला हमला
आनंदपुर गोदाम में लगी आग चिल्ला-चिल्लाकर कह रही है कि इसमें ममता बनर्जी के लोग शामिल हैं। अगर ममता बनर्जी इसे छिपाना चाहती हैं, लेकिन अप्रैल के बाद, जब बीजेपी सरकार आएगी, तो हम इस आग के दोषियों को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे। दरअसल 26 जनवरी को आनंदपुर में एक फैक्ट्री में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी।
अमित शाह दो दिन के दौरे पर, कल कोलकाता पहुंचे थे
अमित शाह दो दिन के पश्विम बंगाल दौरे पर हैं। वे शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचे थे। नॉर्थ परगना के बैरकपुर में रैली को संबोधित करने के बाद वे दोपहर 2 बजे बागडोगरा चले जाएंगे। जहां वह उत्तर बंगाल के पार्टी नेताओं के साथ एक संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे।
एक महीने के अंदर राज्य में शाह का दूसरा दौरा है। इससे पहले 30 और 31 दिसंबर को शाह कोलकाता गए थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कुछ महीनों में होने वाले हैं।