X एक बार फिर डाउन हो गया है, जिससे कई यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर करीब 12:40 बजे के आसपास यूजर्स ने शिकायत करनी शुरू की कि ऐप और वेबसाइट पर फीड्स लोड नहीं हो रही हैं। डाउन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector पर खबर लिखे जाने तक 1500 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं, जिससे साफ है कि यह कोई छोटी समस्या नहीं थी, बल्कि बड़े स्तर पर यूजर्स प्रभावित हुए।
क्या हो रही है दिक्कत?
यूजर्स का कहना है कि X खोलने पर होम फीड पूरी तरह खाली दिख रही है या फिर पोस्ट्स लोड नहीं हो पा रही हैं। कुछ लोगों को लॉगिन या रिफ्रेश करने में भी दिक्कत आ रही है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि सभी यूजर्स को यह समस्या नहीं आ रही। कुछ लोग प्लेटफॉर्म को बिना किसी रुकावट के इस्तेमाल कर पा रहे हैं, जबकि बाकी यूजर्स के लिए यह लगभग बंद जैसा हो गया है।
कुछ यूजर्स पर असर, कुछ पर नहीं- ऐसा क्यों?
ऐसे मामलों में अक्सर सर्वर से जुड़ी दिक्कत या रीजनल आउटेज देखने को मिलती है. यानी समस्या हर जगह नहीं, बल्कि कुछ खास इलाकों या सर्वर्स तक सीमित हो सकती है। इसके अलावा, यह भी संभव है कि कंपनी किसी अपडेट या बैकएंड मेंटेनेंस पर काम कर रही हो, जिसकी वजह से कुछ यूजर्स को दिक्कत आ रही है और कुछ को नहीं।
कंपनी की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं
इस आउटेज को लेकर अब तक X की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, यानी यह साफ नहीं है कि समस्या की असली वजह क्या है और इसे ठीक होने में कितना समय लगेगा. यूजर्स सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर अपनी परेशानी शेयर कर रहे हैं और जानना चाहते हैं कि आखिर यह समस्या कब तक ठीक होगी।
क्या करना चाहिए यूजर्स को?
अगर आपके फोन या कंप्यूटर में X काम नहीं कर रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में आमतौर पर यह प्लेटफॉर्म की तरफ से आने वाली अस्थायी समस्या होती है।आप कुछ देर इंतजार कर सकते हैं, ऐप को रिफ्रेश कर सकते हैं या इंटरनेट कनेक्शन चेक कर सकते हैं।अगर समस्या सर्वर से जुड़ी है, तो इसे ठीक होने में थोड़ा समय लग सकता है।
बार-बार आउटेज क्यों हो रहे हैं?
पिछले कुछ समय में X पर इस तरह के आउटेज की घटनाएं बढ़ी हैं। इसकी वजह टेक्निकल गड़बड़ी, सर्वर ओवरलोड या सिस्टम अपडेट हो सकते हैं। हालांकि, जब तक कंपनी आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहती, तब तक असली कारण का पता लगाना मुश्किल है. फिलहाल यूजर्स को इंतजार करना होगा कि कब यह प्लेटफॉर्म पूरी तरह सामान्य होता है।